मुंबई, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। सुपरस्टार आमिर खान प्रोजेरिया रोग से पीड़ित एक प्रशंसक से मिलने को उत्सुक हैं। वर्तमान में आमिर अपनी आगामी फिल्म ‘दंगल’ की तैयारियों में जुटे हैं।
प्रोजेरिया एक ऐसा रोग है, जिसमें कम उम्र के बच्चों में भी बुढ़ापे के लक्षण दिखने लगते हैं। यह अत्यंत दुर्लभ और वंशानुगत बीमारी है।
इस रोग से पीड़ित आमिर के प्रशंसक ने फेसबुक पर अपनी एक तस्वीर साझा की है। उसने लिखा है कि वह ‘पीके’ के स्टार से मिलना चाहता है। साथ ही इस प्रशंसक ने उन्हें ‘तारे जमीन पर’ जैसी फिल्म बनाने के लिए धन्यवाद भी दिया है, क्योंकि इस फिल्म ने उसे खासा उत्साहित किया है।
इस प्रशंसक ने अपने ट्वीट में लिखा है, “मैं आमिर खान से मिलना चाहता हूं और ‘तारे जमीन पर’ जैसी फिल्म बनाने के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। इस फिल्म से मुझे काफी हौसला मिला है।”
आमिर ने जब इस पोस्ट को देखा तो उन्होंने कहा कि उन्हें अपने इस प्रशंसक से मिलने में खुशी होगी।
आमिर ने लिखा, “मेरे दोस्त आपने अपना नाम नहीं बताया है। मैं आपसे मिलना पसंद करूंगा। कृपया मुझे बताएं कब और कहां और मैं खुश हूं कि आपको ‘तारे जमीन पर’ पसंद आई।”
आमिर के प्रशंसक ने इस बात का भी खुलासा किया है कि मेगास्टार अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘पा’ उनके लिए काफी दुखद अनुभव रहा। उस दौरान उसके सहपाठी उसे ओरो ओरो कहकर बुलाते थे।
dharmpath.com dharmpath