ऑल इंग्लैंड ओपन : पहले दौर से हारकर बाहर हुए कश्यप

बर्मिघम, 4 मार्च (आईएएनएस)। भारत के दूसरे सर्वोच्च वरीय बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप बुधवार को वर्ष के पहले वर्ल्ड सुपरसीरीज प्रीमियर टूर्नामेंट ऑल इंग्लैंड ओपन के पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर से हारकर बाहर हो गए।

14वीं विश्व वरीयता प्राप्त कश्यप 17वीं विश्व वरीयता प्राप्त चीन के चोऊ तिएन चेन से सीधे गेमों में 21-13, 21-12 से हार गए। कश्यप मात्र 33 मिनट तक तिएन चेन का सामना कर सके।

टूर्नामेंट में हालांकि तिएन चेन को छठी वरीयता दी गई है, जबकि कश्यप गैर वरीय खिलाड़ी थे। कश्यप की तिएन चेन के साथ अब तक तीसरी भिड़ंत में यह पहली हार है।

शुरुआती दो अंक जीतने के साथ पहले गेम की शुरुआत करने वाले तिएन चेन इसके बाद एक बार भी कश्यप से पीछे नहीं हुए। तिएन चेन भले लगातार बड़े अंक हासिल नहीं कर पा रहे थे, लेकिन कश्यप पहले गेम में उन्हें एक बार भी पीछे करने में असफल रहे।

दूसरे गेम में कश्यप ने शुरू में थोड़ा संघर्ष दिखाया, लेकिन 5-5 तक स्कोर बराबर रहने के बाद तिएन चेन ने लगातार सात अंक हासिल कर 11-5 की बढ़त ले ली। कश्यप इस स्कोर को 8-11 तक कम करने में सफल रहे लेकिन मैच में वह कहीं से भी वापसी करते नजर नहीं आए। तिएन चेन ने 15-10 के स्कोर के बाद सिर्फ दो अंक गंवाकर गेम जीत लिया।

भारत के शीर्ष वरीय किदांबी श्रीकांत बुधवार को ही पुरुष एकल वर्ग में जापान के केंटो मोमोटा का सामना करेंगे। शीर्ष भारतीय महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल भी बुधवार को ही इंडोनेशिया की बेलाट्रीक्स मानुपुट्टी के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493