ऑल इंग्लैंड ओपन : सेमीफाइनल में पहुंचीं सायना (लीड-2)

बर्मिघम, 7 मार्च (आईएएनएस)। भारत की शीर्ष बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल पूर्व विश्व चैम्पियन चीन की यिहान वांग को 21-19, 21-6 से हराकर 500,000 डॉलर इनामी राशि वाले ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप के महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गईं।

ओलम्पिक में कांस्य पदक जीत चुकीं सायना ने शुक्रवार देर रात खेले गए इस मुकाबले में यिहान को 39 मिनट में मात दी। यिहान पर सायना की यह दूसरी जीत है।

इसके साथ सायना ने यिहान के खिलाफ अपनी जीत हार के रिकार्ड को बेहतर किया। इन दोनों के बीच अब तक कुल 10 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से दो में सायना की जीत हुई है, जबकि आठ में यिहान ने बाजी मारी है।

सायना दूसरी बार इस वर्ल्ड सुपरसीरीज प्रीमियर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची हैं। इससे पहले 2010 में सायना किसी सुपरसीरीज टूर्नामेंट अंतिम-4 दौर में पहुंचने में सफल रही थीं।

इस साल पहली बार फाइनल में जगह बनाने के लिए सायना को सेमीफाइनल में विश्व की 18वीं वरीय चीन की सुन यू से भिड़ना है।

यिहान ने हालांकि क्वार्टर फाइनल में अच्छी शुरुआत की और पहले ही गेम में 6-2 की बढ़त बना ली। सायना ने यहां वापसी की और 8-8 से बराबरी हासिल की। इसके बाद भी 13-13 तक दोनों खिलाड़ी के बीच संघर्षपूर्ण मुकाबला देखने को मिला। इसके बाद हालांकि सायना ने पांच अंकों की बढ़त हासिल करते हुए स्कोर 18-13 कर लिया।

विश्व की पांचवीं वरीयता प्राप्त यिहान यहां भी कड़ा संघर्ष करती दिखीं लेकिन सायना 21-19 से पहला गेम जीतने में सफल रहीं।

दूसरे गेम में सायना ने धमाकेदार शुरुआत की और पहले ही 8-0 की बढ़त हासिल की। सायना का दबदबा आगे भी कायम रहा और आखिर में उन्होंने 21-16 की एक अच्छी जीत हासिल की।

मैच के बाद सायना ने कहा, “मैं जिस तरह से खेली, उससे खुश हूं। मेरे स्ट्रोक्स अच्छे थे। पूर्व में भी हमारे बीच काफी रोचक मुकाबले हुए हैं। यिहान के खिलाफ मेरा रिकार्ड अच्छा नहीं रहा है और इसी कारण मुझे अपनी जीत के लिए मानसिक तौर पर भी खुद को तैयार करना पड़ा।”

सुन यू के साथ होने वाले मैच को लेकर सायना ने कहा, “मैं कल खेलने के बारे में सोच नहीं रही थी। यह एक बड़ा मैच होगा। मेरे लिए यह आसान नहीं होगा। मैं थोड़ा आराम करने के बाद ही इस बारे में सोचना चाहूंगी।”

गौरतलब है कि सुन यू ने दूसरे दौर में शीर्ष वरीय ली ज्यूरेई को हराकर बड़ा उलटफेर किया। क्वार्टर फाइनल में भी वह आठवीं वरीय थाईलैंड की रातचानोक इंतानोन को हराने में सफल रहीं।

दूसरे सेमीफाइनल में विश्व चैम्पियन स्पेन की केरोलिन मैरिन का सामना चीनी ताइपे की सातवीं वरीय ताए त्जू यिंग से होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493