मेलबर्न- मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही 5 मैचों की सीरीज में कंगारूओं ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इससे पहले पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। तीसरा मुकाबला 2 नवंबर को हॉबर्ट में खेला जाएगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। शीर्ष क्रम के बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। शुभमन गिल केवल 5 रन, संजू सैमसन 2 रन, तिलक वर्मा शून्य और कप्तान सूर्यकुमार यादव 1 रन बनाकर आउट हुए थे। इस दौरान पावरप्ले में ही भारत ने चार विकेट गंवा दिए थे।
मुश्किल हालात में अभिषेक शर्मा ने जिम्मेदारी संभाली और हर्षित राणा के साथ अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए स्कोर को 125 तक पहुंचाया। अभिषेक ने मात्र 37 गेंदों में 68 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से कई चौके और छक्के निकले थे। वहीं, ऑलराउंडर हर्षित राणा ने भी 35 रनों का योगदान दिया था। हालांकि, बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके थे। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने टीम इंडिया 18.4 ओवर में 125 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath