ओडिशा : ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ बीजद का प्रदर्शन

भुवनेश्वर, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने पेट्रोल व डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ शुक्रवार को पूरे राज्य में दो घंटे तक प्रदर्शन किया।

बीजू महिला जनता दल, बीजू युवा जनता दल व बीजू छात्र जनता दल के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न पेट्रोल पंपो के सामने सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक विरोध प्रदर्शन किया।

यह प्रदर्शन रविवार तक जारी रहेगा।

पार्टी के कार्यकर्ता हाथों में बैनर लिए हुए थे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। उन्होंने जागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न पेट्रोल पंपों पर तेल उपभोक्ताओं के बीच पर्चा भी वितरित किया।

बीजद के वरिष्ठ नेता अरुण साहू ने कहा, “केंद्र सरकार ईंधन की कीमतों पर काबू पाने में विफल रही है, जिससे देश भर के आम लोग प्रभावित हुए हैं। हम पेट्रोल व डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के संदर्भ में तेल उपभोक्ताओं में जागरूकता पैदा कर रहे हैं।”

बीजद सदस्यों ने इस मुद्दे को शुक्रवार को विधानसभा में भी उठाया।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने विरोध प्रदर्शन की निंदा की है।

उन्होंने कहा कि बीजद मानसिक दिवालियेपन से गुजर रही है क्योंकि ओडिशा ईंधन के दाम बढ़ने से 2014 के 3,000 करोड़ रुपये के मुकाबले अब 7,000 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि दाम बढ़ने का सर्वाधिक लाभ ओडिशा को हुआ है। हमने (केंद्र ने) पेट्रोलियम उत्पादों पर उत्पाद कर घटाया है। ओडिशा सरकार को दाम कम करने के लिए वैट घटाना चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493