भुवनेश्वर, 13 जून (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को जिलाधिकारियों को शासन के ‘तीन टी के मंत्रों’ का पालन करने को कहा, जिनसे एक अन्य टी (ट्रांसफोर्मेशन) यानी लोगों के जीवन में परिवर्तन आएगा।
पटनायक ने भुवनेश्वर में जिलाधिकारियों की तीन दिवसीय कार्यशाला के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “इस पूरी कार्यशाला का मकसद पारदर्शिता, टीमवर्क और प्रौद्योगिकी (ट्रांसपेरेंसी, टीमवर्क और टेक्न ॉलॉजी) के तीन टी के जरिए चौथा टी यानी लोगों के जीवन में परिवर्तन (ट्रांसफोर्मेशन) लाना है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “साहसी फैसले लीजिए। जन केंद्रित सरकार के लिए किए गए किसी भी साहसी फैसले में मैं साथ दूंगा।”
पटनायक ने कहा कि उनकी सरकार में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है।
उन्होंने कहा, “भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के लिए हमारी प्रतिबद्धता के लिए हमें सरकार के कामकाज में पारदर्शी ढांचे और प्रक्रिया को अपनाना होगा।”
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर पिछले वित्त वर्ष में पक्के मकानों के निर्माण के लिए छह जिलों -संबलपुर, सुंदरगढ़, मयूरभंज, रायगाड़ा, मलकानगिरी और गंजाम को सम्मानित किया।
dharmpath.com dharmpath