भुवनेश्वर, 10 जुलाई (आईएएनएस)। एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के 22वें संस्करण की अभूतपूर्व रूप से सफल मेजबानी के बाद ओडिशा सरकार ने प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए कलिंगा अतंर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स सिटी के निर्माण की घोषणा की है।
नवीन पटनायक की बीजू जनता दल (बीजद) सरकार ने कहा है कि आने वाले वर्षो में उनकी सरकार इस स्पोर्ट्स सिटी को विकसित करने पर जोर देगी।
एशियाई चैम्पियनशिप के समापन समारोह पर रविवार को कलिंगा स्टेडियम में प्रदेश के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, “स्पोर्ट्स सिटी हमें राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों जैसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी हासिल करने में मदद करेगी।”
राज्य के अन्य हिस्सों में भी उच्च स्तरीय खेल अवसंरचना के निर्माण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कटक, बेरहमपुर, सम्बलपुर और राउरकेला में विश्व स्तरीय सुविधा युक्त चार सैटेलाइट स्टेडियम बनाने की घोषणा की है।
ओडिशा को खेल राजधानी बनाने की बात कहते हुए पटनायक ने कहा, “हमने यह टूर्नामेंट शानदार तरीके से आयोजित किया। इससे खिलाड़ियों को, खासकर ओडिशा के खिलाड़ियों को फायदा होगा।”
उन्होंने कहा कि ओडिशा सरकार ने प्रदेश में कलिंगा परफॉर्मेस सेंटर के लिए अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ और भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के साथ करार किया है, जो भारत में इस तरीके का पहला करार है।
ओडिशा सरकार ने रविवार को संपन्न हुए एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये नकद, रजत पदक जीतने वाले को 7.5 लाख रुपये और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
ओडिशा के खेल मंत्री चंद्रसारथी बेहरा ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को यह पुरस्कार राशि सोमवार को एक विशेष समारोह आयोजित कर दी जाएगी।
dharmpath.com dharmpath