भुवनेश्वर, 28 मई (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को मुंबई के लिए नई रेलगाड़ी चलाए जाने की मांग दोबारा उठाई है।
पटनायक ने साथ ही इस रेलगाड़ी का नाम ‘बख्शी जगबंधु एक्सप्रेस’ रखने की मांग भी की है।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु को लिखी चिट्ठी में पटनायक ने संबलपुर होते हुए मुंबई से पुरी के बीच रोज चलने वाली एसी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग उठाई। पटनायक ने साथ ही मुंबई के लिए इस समय चलने वाली साप्ताहिक रेलगाड़ी को रोज चलाए जाने की मांग भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मुंबई से पुरी/खुर्दा रोड के बीच संबलपुर होते हुए एक नई रोज चलने वाली एसी एक्सप्रेस रेलगाड़ी शुरू होनी चाहिए। इसके अलावा इस समय मुंबई के लिए चल रही साप्ताहिक रेलगाड़ी को रोजाना किया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों के लिए मुंबई की यात्रा को सहज, आरामदायक और परेशानी-मुक्त बनाया जा सके।”
dharmpath.com dharmpath