भुवनेश्वर, 8 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कंवर बृजेश सिंह ने रविवार को कहा कि वह पुलिस और आम लोगों के बीच के फासले को पाटने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
ओडिशा सरकार ने शनिवार को सिंह को नए पुलिस महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया। इससे पहले वह राज्य सतर्कता विभाग के निदेशक के रूप में काम कर रहे थे।
सिंह ने आईएएनएस को बताया, “मेरी पहली प्राथमिकता पुलिस और आम आदमी के बीच के फासले को मिटाना है। आने वाले दिनों में पुलिस को और भी जिम्मेदार बनाया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि राज्य में नक्सली गतिविधियां नियंत्रण में हैं।
सिंह ने बताया, “हम निश्चित रूप से राज्य में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अपने भटके लोगों को वापस लाने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा नक्सल प्रभावित इलाकों में और भी विकासात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।”
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात नए डीजीपी की नियुक्ति की गई। वहीं, निवर्तमान डीजीपी संजीव मारिक अपनी सेवानिवृत्ति से पहले ही छुट्टियों पर चले गए हैं। मारिक 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होंगे।
dharmpath.com dharmpath