ओडिशा : मंत्री ने किसानों से फसल नहीं जलाने की अपील की

भुवनेश्वर, 3 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के कृषि मंत्री दामोदर राउत ने शुक्रवार को राज्य के किसानों से आत्महत्या जैसा अतिवादी कदम नहीं उठाने और खेतों में कीड़े से प्रभावित धान की फसल को नहीं जलाने की अपील की।

बीते तीन दिनों में राज्य के बारगढ़, झारसुगुडा, नुआपाड़ा, गंजम, संबलपुर और रायगढ़ा जिले में किसानों ने कीड़े लगने के बाद कई एकड़ में लगी धान की फसल को जला दिया है।

राउत ने कहा, “प्राचीन समय से हमारे समाज में धान की फसल को लक्ष्मी देवी के रूप में माना जाता है। मैं किसानों से कीड़े प्रभावित धान को खेतों को नहीं जलाने का आग्रह करता हूं।”

मंत्री ने कहा, “मैं किसानों द्वारा उनके धान की फसल को जलाए जाने से बेहद दुखी हूं। इससे ऐसा लगता है लक्ष्मी देवी को आग के हवाले कर दिया गया है। ”

उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार फसलों पर कीटों के हमले की समस्या पर समुचित कार्रवाई करेगी और क्षतिपूर्ति के लिए पर्याप्त सहायता दी जाएगी।

बारगढ़ जिले के कालापानी गांव के एक किसान ब्रुंडा साहु ने बुधवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले मंगलवार को उसने कीड़े लगने से क्षतिग्रस्त हुई अपनी फसल को जला दिया था।

बालासोर जिले के गुजादिहा गांव की एक महिला किसान ने गुरुवार रात को जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था।

परिवारिक सूत्रों ने बताया कि सुरेंद्र पात्रा की पत्नी सरस्वती पात्रा पिछले कुछ दिनों से अपनी फसल में कीड़े लगने के बाद से मानसिक प्रताड़ना से गुजर रही थी। उसने स्थानीय सूदखोर से तीन एकड़ की जमीन पर खेती करने के लिए 30,000 रुपये उधार लिए थे।

राज्य सरकार ने परेशान किसानों की तत्काल सहायता के लिए 1800-180-1551 टोलफ्री नंबर जारी किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493