ओडिशा में उत्कल दिवस की धूम

भुवनेश्वर, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। देश में उड़िया समुदाय शुक्रवार को उत्कल दिवस धूमधाम से मना रहा है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1936 में इसी दिन पहली बार भाषा के आधार पर ओडिशा राज्य अस्तित्व में आया था।

तभी से पहली अप्रैल को हर साल राज्य का स्थापना दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1936 में यह संयुक्त प्रांत बंगाल-बिहार-ओडिशा से अलग हुआ था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 81वें उत्कल दिवस (ओड़िशा दिवस) के मौके पर ओडिशा के लोगों को बधाई दी।

मोदी ने ट्विटर पर लिखा, “उत्कल दिवस पर मैं ओडिशा के प्रमुख और मेहनती लोगों को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि ओडिशा विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त करे।”

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान, ओडिशा कांग्रेस के अध्यक्ष प्रसाद हरिचंदन और अन्य नेताओं ने उन दिग्गजों को पुष्पांजलि अर्पित की, जिन्होंने भाषाई आधार पर अलग राज्य के गठन में अपना जीवन बलिदान किया था।

इस मौके पर राज्य सरकार और विभिन्न संगठनों ने कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिसके चलते शहर में काफी रौनक है।

विधानसभा, सचिवालय और सभी प्रमुख सरकारी इमारतें रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493