भुवनेश्वर, 25 जनवरी (आईएएनएस)। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर पूरे ओडिशा खासकर नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
पुलिस महानिदेशक के.बी.सिंह ने कहा कि राज्यभर में गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
सभी जिलाधिकारियों तथा पुलिस अधीक्षकों को समारोह के दौरान चौकस रहने को कहा गया है।
इस बीच, यहां पुलिस आयुक्त कार्यालय ने महात्मा गांधी मार्ग पर समारोह को सुचारु रूप से आयोजित कराने के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी है।
प्रदेश के राज्यपाल एस.सी.जमीर यहां तिरंगा फहराएंगे तथा परेड की सलामी लेंगे।
पुलिस आयुक्त वाई.बी.खुरानिया ने कहा, “शहर में सुरक्षाकर्मियों के 30 दस्ते तथा विशेष अभियान समूह (एसओजी) के दो दस्ते तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा, आगंतुकों पर नजर रखने के लिए महत्वपूर्ण जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और दो नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।”
वाहनों की आवाजाही के लिए पुलिस ने यातायात की विशेष व्यवस्था की है।
dharmpath.com dharmpath