ओडिशा में चक्रवात से मृतकों की संख्या 37 हुई

भुवनेश्वर, 7 मई (आईएएनएस)। ओडिशा में चक्रवात फानी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) के कार्यालय ने कहा कि मरने वाले लोगों में अकेले पुरी जिले से 21 लोग हैं। तीन मई को आए विनाशकारी चक्रवात के कारण पांच लोग कटक में और चार मयूरभंज में मारे गए। इसके अलावा, जाजपुर में चार और केंद्रापाड़ा में तीन लोगों की मौत हो गई।

इस बीच, प्रभावित इलाकों में राहत और सेवाएं बहाल करने का काम जोरों से चल रहा है। हालांकि, चक्रवात के चार दिन बाद भी सरकार भुवनेश्वर और पुरी में बिजली और दूरसंचार सेवाएं बहाल नहीं कर सकी है।

चक्रवाती तूफान से 14 जिलों के 16,647 गांवों और 51 शहरी स्थानीय निकायों में कुल 1.48 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं।

एसआरसी कार्यालय ने कहा कि ओडिशा वन विकास निगम (ओएफडीसी) की कुल 40 कटाई करने वाली टीमें अब राज्य की राजधानी में गिरे पेड़ों को हटाने में लगी हुई हैं।

आंध्र प्रदेश से कटाई करने वाले 25 विशेषज्ञों का एक समूह पुरी भेजा जा रहा है।

इसके अलावा, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ओडीआरएएफ), नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) और फायर सर्विस की टीमें मरम्मत और सेवा बहाली के काम में लगी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493