भुवनेश्वर, 28 मई (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से ओडिशा के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह तंत्र पारादीप के दक्षिण पूर्व से दक्षिण में करीब 700 किमी की दूरी पर केंद्रित है, इसके 30 मई दोपहर तक बंग्लादेश तट की तरफ जाने की संभावना है।
अधिकारी ने कहा है कि इस तंत्र के अगले 12 घंटों में और तेज होकर गहराने और 24 घंटों के दौरान एक चक्रवाती तूफान के आने की संभावना है।
इसे लेकर भुवनेश्वर मौसम केंद्र ने मछुआरों को समुद्र में जाने के दौरान सर्तक रहने को कहा है।
मौसम केंद्र के निदेशक शरत चंद्र साहू ने कहा कि इस न्यूनता की वजह से कई जगहों पर तापमान में 40 डिग्री से नीचे आ जाएगा और यह दो जून तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि तापमान दो जून से दो-तीन दिनों के लिए बढ़ सकता है। हालांकि, छह जून के बाद बारिश हो सकती है, जो दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने का संकेत है।
dharmpath.com dharmpath