ओडिशा में विधायकों ने राष्ट्रपति चुनाव में मतदान किया

भुवनेश्वर, 17 जुलाई (आईएएनएस)। ओडिशा के विधायकों ने देश के 14वें राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए सोमवार को मतदान किया। राष्ट्रपति चुनाव में मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद तथा विपक्षी उम्मीदवार मीरा कुमार के बीच है।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, राज्य के अन्य मंत्रियों, विपक्ष के नेता नरसिंह मिश्रा तथा राज्यसभा सदस्य (स्वतंत्र) ए.वी.स्वामी ने यहां विधानसभा में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

नरसिंह मिश्रा ने सबसे पहले मतदान किया, जिसके बाद कांग्रेस के विधायक दल के उपनेता चिरनजीब बिस्वाल, कांग्रेस विधायकों देवेंद्र शर्मा व नाबा किशोर दास ने मतदान किया। मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के सदस्यों ने मीरा कुमार के पक्ष में मतदान किया।

बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता तथा कृषि मंत्री दामोदर राउत ने कहा कि उन्होंने कोविंद को वोट दिया, क्योंकि पार्टी ने राजग उम्मीदवार का समर्थन किया है।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “राष्ट्रपति चुनाव के लिए अभी तुरंत मतदान किया। अगले राष्ट्रपति को शुभकामनाएं।”

राज्य में बीजद के 117 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 16 तथा भाजपा के 10 सदस्य हैं।

मतदान शाम पांच बजे खत्म होगा, जिसके बाद बैलेट बॉक्स को प्रेक्षक विमान से नई दिल्ली ले जाएंगे, जहां 20 जुलाई को मतगणना होगी।

चुनाव का विजेता राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की जगह लेगा, जिनका कार्यकाल 25 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493