ओडिशा में 2019 में भाजपा की सरकार : अमित शाह

भुवनेश्वर, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को अपनी पार्टी के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से ओडिशा में 2019 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

शाह ने यहां पार्टी के सदस्यों को संबोधित किया और उनसे कहा कि वह तब तक चैन की सांस न लें, जब तक कि राज्य की सत्ता पर भाजपा काबिज न हो जाए।

शाह ने कहा, “मैंने ओडिशा के विभिन्न जगहों का दौरा किया है। यह मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के हवाई दौरे जैसा नहीं था। मैंने तीन वर्षो तक सड़क मार्ग से यात्रा करते हुए भाजपा के पक्ष में ओडिशा के लोगों के मन को भांपा है।”

उन्होंने कहा, “जब तक राज्य में बीजू जनता दल (बीजद) की सरकार है, प्रदेश में विकास नहीं होगा। हमें बीजद सरकार को उखाड़ फेंकने तथा भाजपा को सत्ता में लाने के लिए काम करना चाहिए।”

वहीं, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजद सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एक खाका पेश किया है।

प्रधान ने ट्वीट किया, “इस पर उन्होंने एक विस्तृत खाका तैयार किया है और प्रत्येक कार्यकर्ता को विशिष्ट भूमिका तथा जिम्मेदारी सौंपी है।”

ओडिशा की तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन शाह ने राज्य की राजधानी के बाहरी इलाके में स्थित एकामरा विधानसभा क्षेत्र के बसंतपुर गांव का दौरा किया, जहां उनका पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया।

शाह ने इससे पहले नवीन पटनायक के गृह जिला गंजम तथा जाजपुर जिले का दौरा किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493