नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। नाइजीरिया की दो महिला पहलवानों को इस बार चार अप्रैल से शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों में दो भारतीय महिला पहलवानों से पिछली पराजय का हिसाब चुकता करने का बेसब्री से इंतजार है।
महिलाओं के 57 किलोवर्ग में ओडुनायो फोलासाडे का सामना पूजा ढांडा से और 68 किलो में ब्लैसिंग ओबोरूडूडू का सामना दिव्या काकरान से होगा।
नाइजीरिया की इन दोनों दिग्गजों को इन दोनों भारतीय महिला पहलवानों ने हाल में हराया था। ऐसे में ओडुनायो पूजा से और ब्लैसिंग दिव्या से अपनी हार का बदला लेना चाहेंगी।
ओडुनायो को पिछले दिनों पीडब्ल्यूएल में पूजा ढांडा के हाथों उलटफेर का शिकार होना पड़ा था। इस जीत की मदद से पंजाब रॉयल्स ने मुम्बई महारथी को शिकस्त दी थी। ओडुनायो का कहना है कि कई बार उन्हें सपने में पूजा दिखाई देती हैं और हर सपने में वह खुद को पूजा को पटखनी देती हुई दिखती हैं।
अपने सपने में जो ओडुनायो कर रही हैं, वह उसे राष्ट्रमंडल खेलों में सच में बदलना चाहती हैं। उन्होंने कहा, “राष्ट्रमंडल खेलों में उनका मेरा मकसद न सिर्फ अपने पिछले खिताब को बचाना है, बल्कि पूजा से उस हार का हिसाब भी चुकता करना है।”
पूजा का कहना है कि उनकी तैयारी अच्छी है और वह किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। वह बोलने से ज्यादा कुछ करके दिखाने में यकीन रखती हैं।
महिलाओं के 68 किलो में भी कुछ ऐसी ही स्थिति है। इस वर्ग में ब्लैसिंग बेसब्री से दिव्या का इंतजार कर रही हैं। दिव्या ने पिछले दिनों जोहानिसबर्ग में राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में ब्लैसिंग को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।
ब्लैसिंग अफ्रीकी चैम्पियन होने के अलावा दो बार की ओलिम्पियन और दो बार की राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता हैं और पिछले साल विश्व चैम्पियनशिप के पदक राउंड तक पहुंचकर उन्होंने अपनी अच्छी फॉर्म का परिचय दिया था, वहीं दिव्या का कहना है कि उन्होंने राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में ब्लैसिंग को चारों खाने चित किया था। वह काफी अनुभवी खिलाड़ी हैं और उन्हें हराकर उनमें काफी आत्मविश्वास आया है।
76 किलो में भारतीय खिलाड़ी किरण का मुकाबला ओलिम्पिक चैम्पियन कनाडा की एरिका वीब से पड़ सकता है। हरियाणा हैमर्स की किरण को मुम्बई महारथी की एरिका ने पीडब्ल्यूएल सीजन 2 में शिकस्त दी थी। विशेषज्ञों का कहना है कि एरिका किरण से कहीं बेहतर हैं लेकिन वह इस प्रतियोगिता में पदक जीतने का माद्दा रखती हैं।
dharmpath.com dharmpath