ओपेक के कच्चे तेल का मूल्य 10 फीसदी घटा

वियना, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) के कच्चे तेल बास्केट के मूल्य में नवंबर में लगभग 10 फीसदी गिरावट दर्ज की गई है। यह बात ओपेक के दिसंबर के लिए मासिक तेल बाजार रपट में कही गई है।

ओपेक के बास्केट का मूल्य 4.52 डॉलर घटकर प्रति बैरल 40.50 डॉलर रह गया। इस दौरान कच्चे तेल का वायदा भाव भी घटा और आईसीई ब्रेंट का मूल्य 45.93 डॉलर प्रति बैरल और नेमेक्स डब्ल्यूटीआई का मूल्य 42.92 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

ओपेक ने वर्तमान वर्ष के लिए वैश्विक आर्थिक विकास दर के अनुमान को 3.1 फीसदी पर और 2016 के लिए 3.4 फीसदी पर बरकरार रखा।

आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) के लिए भी ओपेक ने विकास दर के अनुमान को 2015 के लिए दो फीसदी पर और 2016 के लिए 2.1 फीसदी पर बरकरार रखा।

भारत की विकास दर को रपट में 2016 के लिए 7.6 फीसदी पर जस-का-तस रखा गया, जबकि 2015 के लिए इसे घटाकर 7.3 फीसदी कर दिया गया।

रपट के मुताबिक, तेल की वैश्विक मांग 2015 में 15.3 लाख बैरल प्रति दिन बढ़कर औसत 9.288 करोड़ बैरल प्रति दिन रहेगी।

रपट के मुताबिक, 2016 में वैश्विक तेल की मांग 12.5 लाख बैरल प्रति दिन बढ़कर औसत 9.413 करोड़ बैरल प्रति दिन रहेगी। 2016 के लिए पहले भी यही अनुमान दिया गया था।

गैर ओपेक तेल आपूर्ति 2015 में 10 लाख बैरल प्रति दिन बढ़कर औसत 5.751 करोड़ बैरल प्रति दिन रहने का अनुमान है।

रपट के मुताबिक, ओईसीडी का वाणिज्यिक तेल भंडार अक्टूबर में 295.5 करोड़ बैरल था, जो पांच साल के औसत से करीब 24.4 करोड़ बैरल अधिक है।

रपट में कहा गया है कि ओपेक के कच्चे तेल की मांग 2015 में गत वर्ष के मुकाबले चार लाख बैरल प्रति दिन बढ़कर 2.94 करोड़ बैरल प्रति दिन रहने का अनुमान है। यह पिछली रपट में दिए गए अनुमान से दो लाख बैरल प्रति दिन कम है।

2016 में ओपेक के कच्चे तेल की मांग 15 लाख बैरल प्रति दिन बढ़कर 3.08 करोड़ बैरल प्रति दिन रहने का अनुमान है, जो पिछले अनुमान से अलग नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493