दुबई, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। अगले साल मार्च-अप्रैल में भारत की मेजबानी में होने जा रहे टी-20 विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर धर्मशाला में आमने-सामने होंगी। विश्व कप का फाइनल 3 अप्रैल को कोलकाता में होगा जबकि सेमीफाइनल मुकाबले दिल्ली और मुम्बई में खेले जाएंगे।
आईसीसी द्वारा शुक्रवार को जारी विश्व कप के कार्यक्रम में चेन्नई को मेजबान के तौर पर नहीं रखा गया है। ऐसा एम. चिदम्बरम स्टेडियम के विवादास्पद स्टैंड को लेकर किया गया है। चेन्नई में हालांकि महिला टी-20 विश्व कप के मुकाबले होंगे, जिसका आयोजन पुरुषों के विश्व कप के साथ ही होगा।
भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया को सुपर-10 स्तर के लिए ग्रुप-2 में रखा गया है जबकि दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड को ग्रुप-1 में रखा गया है। दोनो ग्रुपों में एक-एक टीमें सुपर-10 स्तर के लिए जुडेंगी, जिनका चयन क्वालीफाईंग के जरिए होगा। क्वालीफाईंग का आयोजन 8 से 13 मार्च के बीच नागपुर और धर्मशाला में होगा।
क्वालीफाईंग में आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार-चार के दो ग्रुप में विभाजित किया जाएगा। ग्रुप-ए में बांग्लादेश, नीदरलैंड्स, ओमान और आयरलैंड को रखा गया है जबकि ग्रुप-बी में जिम्बाब्वे, स्काटलैड, अफगानस्तान और हांगकांग को रखा गया है।
ग्रुप-ए से क्वालीफाई करने वाली टीम सुपर-10 के लिए ग्रुप-2 में शामिल किया जाएगा। इसी तरह ग्रुप-बी से क्वालीफाई करने वाली टीम को ग्रुप-1 में जगह मिलेगी।
सुपर-10 का उद्घाटन मुकाबला 15 मार्च को नागपुर में खेला जाएगा। भारत को इसके बाद 19 मार्च को पाकिस्तान से धर्मशाला में, क्वालीफाईंग टीम से 23 मार्च को बेंगलुरू में और आस्ट्रेलिया के साथ 27 मार्च को मोहाली में भिड़ना है।
महिला एवं पुरुष टीमों के सेमीफइनल दिल्ली और मुम्बई में क्रमश: 30 व 31 मार्च को होंगे। मौजूदा चैम्पियन श्रीलंका 17 मार्च को कोलकाता में क्वालीफाईंग टीम के साथ खेलते हु एअपने अभियान की शुरुआत करेगा।
दूसरी ओर, महिला टूर्नामेंट में 2009 के विजेता इंग्लैंड को ग्रुप-बी में वेस्टइंडीज, मेजबान भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। इंग्लैंड को अपना पहला मैच बेंगलुरू में 17 मार्च को बांग्लादेश के साथ खेलना है। उसके बाद उसे 22 मार्च को धर्मशाला में भारत, 24 मार्च को धर्मशाला में वेस्टइंडीज और 27 मार्च को चेन्नई में पाकिस्तान से भिड़ना है।
लगातार चौथी बार खिताब के लिए प्रयासरत आस्ट्रेलिया की महिला टीम को ग्रुप-ए में दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और आयरलैंड के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है। उसे अपना पहला मैच 18 मार्च को नागपुर में, 21 मार्च को नागपुर में, 24 मार्च को नई दिल्ली में और 27 मार्च को नई दिल्ली में खेलना है।
मुम्बई में विश्व कप के कार्यक्रम निर्धारण समारोह के दौरान विश्व कप ट्रॉफी मौजूद थी। यह ट्रॉफी 13 दिसम्बर को स्कॉटलैंड रवाना हो जाएगी और नीसान ट्रॉफी टूर के तहत 11 देशों का भ्रमण करने के बद 1 फरवरी को नई दिल्ली पहुंचेगी।
dharmpath.com dharmpath