ओप्पो बना भारतीय क्रिकेट टीम का नया प्रायोजक (लीड-2)

मुंबई, 7 मार्च (आईएएनएस)। देश की अग्रणी स्मार्टफोन निर्माता ओप्पो मोबाइल इंडिया अब भारतीय क्रिकेट टीम की नई प्रायोजक होगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को यह घोषणा की।

भारतीय टीम के प्रायोजन अधिकार के लिए निविदा प्रक्रिया के जरिए नीलामी का आयोजन प्रशासनिक समिति (सीओए) की प्रतिनिधि डायना इडुल्जी, बीसीसीआई के अधिकारी और बोली लगाने वाले लोगों की उपस्थिति में बोर्ड के मुख्यालय में किया गया।

बोली प्रक्रिया के तहत 1079.29 करोड़ रुपये की सर्वोच्च बोली लगाकर ओप्पो ने पांच साल की अवधि के लिए टीम के प्रायोजन आधिकार हासिल कर लिए।

बीसीसीआई ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि ओप्पो मोबाइल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड भारतीय क्रिकेट टीम की नई प्रायोजक होगी।”

बोर्ड ने बताया कि ओप्पो की बीसीसीआई के साथ यह नई साझेदारी इसी साल अप्रैल से शुरू होगी और अगले पांच साल तय कायम रहेगी।

इस अवसर पर बीसीसीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल जौहरी ने कहा, “बोर्ड की ओर से मैं ओप्पो को भारतीय टीम का नया प्रायोजक बनने की बधाई देने के साथ-साथ हमारे परिवार में उनका स्वागत करना चाहता हूं। हमारे अन्य प्रायोजकों, पेटीएम, पेप्सीको, हुंडई और जनलक्ष्मी फाइनेंशल सर्विस की तरह ओप्पो भी हमारे परिवार में शामिल हो चुका है। मैं आश्वस्त हूं कि हम साथ मिलकर भारतीय क्रिकेट के विकास हेतु नए आयाम तय करेंगे।”

ओप्पो मोबाइल कंपनी के उपाध्यक्ष स्काई ली ने कहा, “भारत में क्रिकेट केवल खेल नहीं है। यह एक संस्कृति है, एक धर्म है। हम भारतीय टीम के साथ नई उपलब्धियां हासिल करने की चाह रखते हैं।”

प्रायोजक के तौर पर स्टार इंडिया का बीसीसीआई के साथ समझौता मार्च के अंत में समाप्त हो रहा है। अप्रैल से यह जगह ओप्पो के हिस्से में आ जाएगी।

बीसीसीआई के प्रायोजकों में स्टार इंडिया के अलावा सहारा कंपनी भी रह चुकी है। स्टार इंडिया से पहले सहारा भारतीय टीम की प्रायोजक थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493