वाशिंगटन, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने फोन पर सीरिया और यूक्रेन की स्थिति पर बातचीत की।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ह्वाइट हाउस के एक बयान में बताया गया है कि ओबामा ने सोमवार को सीरिया में संघर्ष विराम की स्थिति पर चिंता जताई। इस संघर्ष विराम को सीरिया में सरकार और विपक्षी दलों के बीच शत्रुता का अंत करना यानी ‘सीजेशन ऑफ हॉस्टिलिटीज इन सीरिया’ के नाम से जाना जाता है।
बयान में कहा गया है कि दोनों राष्ट्रपतियों ने शांति प्रयासों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई और सभी पक्षों से हमले बंद करने की जरूरत पर जोर दिया।
अमेरिका और रूस, सीरिया में संघर्ष विराम की योजना पर सहमत हुए थे। यह संघर्ष विराम गत 27 फरवरी से जारी है।
इंटरनेशनल सीरियन सपोर्ट ग्रुप की म्यूनिख में आयोजित एक बैठक में 12 फरवरी को संघर्ष रोकने का खाका तैयार किया गया था। उस बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से अमेरिका और रूस ने की थी।
इस ग्रुप में अरब लीग, यूरोपीय संघ, संयुक्त राष्ट्र और 17 अन्य देश शामिल हैं।
यूक्रेन के बारे में ओबामा ने पुतिन से आग्रह किया कि पूर्वी यूक्रेन में संघर्ष समाप्त कराने के लिए वह कदम उठाएं। उन्होंने मिन्स्क समझौते को पूरी तरह लागू करने के लिए आगे बढ़ने के महत्व पर जोर दिया।
dharmpath.com dharmpath