वाशिंगटन, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश विभाग ने राष्ट्रपति बराक ओबामा के सऊदी अरब दौरे से पूर्व अमेरिकी नागरिकों को खाड़ी देश की यात्रा को लेकर चेतावनी जारी की है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर सोमवार को डाली गई चेतावनी में अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है, “सऊदी अरब की यात्रा के जोखिम पर सावधानीपूर्वक विचार करें।”
छह देशों के खाड़ी सहयोग परिषद के 21 अप्रैल को सऊदी अरब में होने वाले सम्मेलन में ओबामा के जाने का कार्यक्रम है।
चेतावनी में कहा गया है, “ऐसी खबरें आने का सिलसिला जारी है कि अमेरिकी और पश्चिमी देशों के नागरिकों और वे जहां बार-बार जाते हैं, उन स्थानों पर खतरा है।”
चेतावनी में यह भी कहा गया है कि आतंकी संगठन इस्लामिक एस्टेट (आईएस) ने पिछले साल सऊदी अरब में मस्जिदों पर कई हमले किए थे।
यमन और इराक में जो सुरक्षा के हालात हैं, उसकी वजह से भी यह यात्रा चेतावनी जारी की गई है। इस चेतावनी ने पिछले साल 21 सितंबर को जारी चेतावनी का स्थान लिया है।
चेतावनी में कहा गया है कि अलकायदा और आईएस दोनों सऊदी अरब के होटलों, रेस्त्रां, बाजार, अंतर्राष्ट्रीय विद्यालयों, घरों और अन्य ठिकानों पर हमले की साजिश रच रहे हैं।
अमेरिका के सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवार के लोगों को यमन की सीमा से 80 किलोमीटर अंदर रहने और बगैर अनुमति जिदान और नाजरन नहीं जाने की हिदायत दी गई है।
dharmpath.com dharmpath