हवाना, 21 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा क्यूबा के ऐतिहासिक दौरे पर हैं। वह सोमवार को क्यूबा के राष्ट्रपति राउल कास्त्रो से मुलाकात करेंगे।
इस यात्रा को दोनों देशों के बीच एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की यह पिछले लगभग 90 वर्षो में क्यूबा की पहली यात्रा है।
समाचार चैनल ‘सीएनएन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ओबामा रविवार शाम हवाना पहुंच गए।
ओबामा की तीन दिवसीय यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार होगा। फिदेल कास्त्रो के सत्ता में आने के 55 साल के बाद दिसंबर 2014 में अमेरिका-क्यूबा के बीच संबंध बहाल करने पर सहमति बनी थी।
ओबामा, पत्नी मिशेल ओबामा और दोनों बेटियों साशा और मालिया के साथ क्यूबा पहुंचे हैं।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, ओबामा और राउल कास्त्रो ‘पैलेस ऑफ द रिवोल्यूशन’ में आधिकारिक वार्ता करेंगे। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की बहाली के बाद यह उनकी तीसरी बैठक होगी। किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की 1959 के बाद क्यूबा की यह पहली यात्रा है।
यह द्विपक्षीय बैठक लगभग एक घंटे तक चलेगी, जिसमें बाद में दोनों देशों की सरकारों का प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा। इसके बाद संयुक्त बयान जारी किया जाएगा।
राष्ट्रपति ओबामा वार्ता से पहले ‘प्लाजा ऑफ रिवोल्यूशन’में क्यूबा के राष्ट्रनायक जोस मार्ती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे। इस जगह पर क्रांतिकारी चे ग्वेरा की तस्वीर भी लगी हुई है।
इसके बाद वह क्यूबा के सरकारी उद्यमों के प्रतिनिधियों और कथित ‘स्वरोजगार संपन्न’ कारोबारियों के साथ चर्चा करेंगे।
ओबामा क्यूबा के निजी क्षेत्र के विकास में मदद की इच्छा जता चुके हैं।
राष्ट्रपति राउल कास्त्रो, ओबामा के लिए राजकीय भोज की मेजबानी करेंगे।
ओबामा ने हवाना पहुंचने के तुरंत बाद अमेरिकी दूतावास में अपने भाषण के दौरान कहा, “किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने लगभग 90 साल बाद क्यूबा का दौरा किया है। यहां आकर अच्छा लग रहा है। वर्ष 1928 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति (काल्विन) कूलिज युद्धपोत पर सवार होकर क्यूबा पहुंचे थे। उन्हें क्यूबा पहुंचने में तीन दिन लगे थे और मुझे यहां आने में सिर्फ तीन घंटे लगे हैं। पहली बार अमेरिका का ‘एयरफोर्स वन’ क्यूबा की धरती पर उतरा है।”
उन्होंने कहा, “यह ऐतिहासिक दौरा है और क्यूबा के लोगों के सीधे मिलने, व्यावसायिक समझौते करने और दोनों देशों के बीच नए संबंधों का निर्माण करने का ऐतिहासिक अवसर है।”
dharmpath.com dharmpath