ओबामा ने अंतरिक्ष यात्री केली का स्वागत किया

वािशंगटन, 3 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बुधवार को नासा के अंतरिक्ष यात्री स्कॉट केली को फोन कर पृथ्वी पर सुरक्षित लौटने पर स्वागत किया। केली अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर एक साल का अपना मिशन पूरा कर लौटे हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ओबामा ने केली को इस महत्वपूर्ण अनुसंधान में उनकी भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि ‘यह अनुसंधान हमें अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक लंबी यात्रा पर ले जाएगा और युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिग और गणित की पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करेगा।’

ओबामा ने यह भी कहा कि अंतरिक्ष यात्री केली ने एक साल में जो महत्वपूर्ण डाटा उपलब्ध कराया है, वो शोधकर्ताओं को यह समझने में मदद करेगा कि अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने के दौरान अंतरिक्ष यात्री कैसे स्वस्थ रह सकते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि केली और उनकी टीम के इस मिशन से 2030 में मंगल ग्रह पर अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने की उनकी योजना साकार हो सकेगी।

व्हाइट हाउस से जारी बयान में कहा गया, “केली और साथ ही नासा व अमेरिका के अंतरिक्ष जगत के सभी लोगों को उनके अनुसंधान के लिए धन्यवाद। राष्ट्रपति का मानना है कि अमेरिका को मंगल ग्रह के सफर में सफलता मिलेगी।”

केली मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में 340 दिन का अपना मिशन पूरा कर रूसी अंतरिक्ष यात्री मिखाइल कोर्निन्को और सेर्गेई वोल्वो के साथ पृथ्वी पर सुरक्षित लौट आए। उनका अंतरिक्ष यान कजाख्स्तान में उतरा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493