लखनऊ, 3 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ तथा आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है, जिससे तापमान में इजाफा हुआ है। मौसम विभाग ने हालांकि शनिवार को कुछ जगहों पर बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में तेज धूप निकलेगी और तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि दर्ज की जाएगी। शनिवार व रविवार को हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा गुरुवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री, कानपुर का 17.6 डिग्री, गोरखपुर का 18.6 डिग्री, झांसी का 16 डिग्री और इलाहाबाद का 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार मार्च के महीने में ही अप्रैल-मई की तरह गर्मी बढ़ गई है। पिछले वर्ष दो मार्च को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि इस बार बुधवार दो मार्च को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath