वॉशिंगटन, 31 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा अर्लिगटन राष्ट्रीय कब्रिस्तान में ‘मेमोरियल डे’ पर उन जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे, जिन्होंने युद्ध के दौरान अपनी जानें गंवाई।
समाचार एजेंसी ‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, वियतनाम युद्ध के बाद से ही हर बार मेमोरियल डे पर सैनिकों के घर लौटने पर उनके तथा अपने को खोने वाले परिवारों की समस्याओं को याद किया जाता है।
ओबामा ने एक अज्ञात सैनिक की कब्र पर फूल चढ़ा कर अर्लिगंटन में औपचारिक समारोह की शुरुआत की। अर्लिगंटन में अमेरिकी युद्ध में लड़ते हुए शहीद हुए हजारों लोगों को दफनाया गया है।
ओबामा ने अपने भाषण में जोर देकर कहा कि कब्रिस्तान में दफन सैनिक और उनके परिवार अपनी वीरता के बदले में केवल यह चाहते हैं कि उन्हें याद रखा जाए।
ओबामा ने कहा, “यहां दफन अमेरिकी और उनके परिवार हम सभी में श्रेष्ठ हैं। वे बदले में केवल यही चाहते हैं कि हम उन्हें याद रखें।”
उन्होंने कहा, “हमें और भी काफी कुछ करना चाहिए। हमें केवल जरूरत पड़ने पर उनकी मदद ही नहीं लेनी चाहिए, बल्कि जरूरत पड़ने पर उनकी मदद के लिए भी मौजूद रहना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath