हनोई, 24 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वियतनाम से सतत आर्थिक प्रगति तथा भविष्य में अधिक से अधिक राजनीतिक स्थिरता के लिए अपने मानवाधिकार रिकॉर्ड में सुधार करने की अपील की है।
हनोई में नेशनल कन्वेंशन सेंटर में एक भाषण में ओबामा ने कहा, “मेरे हिसाब से, वही राष्ट्र अधिक से अधिक सफल होता है, जहां मानवाधिकारों का आदर होता है।”
उन्होंने कहा, “इन अधिकारों को कायम रखना स्थिरता के लिए खतरा नहीं, बल्कि वास्तविक तौर पर यह स्थिरता को और सुदृढ़ करता है तथा प्रगति की बुनियाद है। वियतनाम इसे अमेरिका की तुलना में अलग तरीके से अंजाम देगा। लेकिन कुछ मूलभूत सिद्धांत हैं, जिनपर हमें काम करना है और उसमें सुधार लाना है।”
ओबामा ने इस बात को स्वीकार किया कि अमेरिका और वियतनाम के बीच मतभेद थे, लेकिन उन्होंने वियतनाम द्वारा किसी भी मानवाधिकार उल्लंघन का उल्लेख नहीं किया और अपने भाषण में खुद को अभिव्यक्ति, संगठन व धर्म की स्वतंत्रता तथा एक लोकतांत्रिक प्रणाली की जरूरत की महत्ता तक ही सीमित रखा।
ह्यूमन राइट्स वॉच (एचआरडब्ल्यू) के मुताबिक, अपने भाषण से पहले ओबामा ने दर्जन भर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, लेकिन उसमें शासन से असंतुष्ट लोगों की भागीदारी नहीं रही, क्योंकि उन्हें सोमवार को वियतनाम की सरकार ने गिरफ्तार कर लिया था।
ओबामा मंगलवार को हो ची मिन्ह जा रहे हैं, जहां वह कारोबारियों से मुलाकात करेंगे तथा जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जापान रवाना होने से पहले एक अमेरिकी विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगे।
dharmpath.com dharmpath