नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच रोलैंट ओल्टमैंस ने कहा है कि टीम के यूरोप दौरे में आगामी ओलम्पिक खेलों के लिए युवा खिलाड़ियों को तराशा जाएगा।
बेल्जियम और नीदरलैंड के दौरे के लिए भारत की 18 सदस्यीय हॉकी टीम की घोषणा कर दी गई है, जिसमें छह नए युवा खिलाड़ी शामिल हैं। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को टीम घोषित की।
नौ अगस्त से शुरू होने वाले इस दौरे में गोलकीपर सूरज कारकेरा, जूनियर विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी वरुण कुमार, दिप्सान तिर्के, नीलकांता शर्मा, गुरजंत सिंह और अरमान कुरैशी मुख्य राष्ट्रीय टीम में पदार्पण करेंगे। टीम की कमान मनप्रीत सिंह को सौंपी गई है।
अपने बयान में कोच रोलेंट ओल्टमैंस ने कहा, “हम आगामी ओलम्पिक खेल के मद्देनजर इन नए खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय अनुभव प्रदान करने के लिए इस प्रकार के दौरों पर इनकी प्रतिभा का परीक्षण करते रहेंगे।”
कोच ने कहा, “इन युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशने के लिए यह जरूरी है कि इन्हें नीदरलैंड और बेल्जियम जैसी टीमों का सामना करने का मौका मिले। यह निश्चित तौर पर उनके लंबे करियर के लिए फायदेमंद होगा।”
ओल्टमैंस ने कहा, “वर्तमान में टीम बेंगलुरु के साई प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास कर रही है। हम अपने जवाबी आक्रामण को और बेहतर बनाने, गोल करने की क्षमता को बढ़ाने और रक्षण पर काम कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath