नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। भारत में पूर्व और मौजूदा ओलंपिक खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व करने, ऐसे ओलंपिक खिलाड़ियों की देखभाल करने तथा उनका भविष्य सुधारने के उद्देश्य के साथ ओलंपियन एसोसिएशन आफ इंडिया (ओएआई) संस्था की शुरुआत सोमवार को यहां एक कार्यक्रम में की गई।
भारत में ओलंपिक खिलाड़ियों के लिए पहला और एकमात्र गैर लाभार्थी यह संगठन अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के बैनर तले सीधे वल्र्ड ओलंपियन्स एसोसिएशन (डब्ल्यूओए) से जुड़ा है। ओएआई का एकमात्र उद्देश्य पूर्व और मौजूदा ओलंपिक खिलाड़ियों के कल्याण के लिए काम करना है।
पांच बार के ओलंपियन शिवा केशवन को इस एसोसिएशन का अध्यक्ष बनाया गया है। इस एसोसिएशन को बनाने में शिवा केशवन, वीरेन रसकिन्हा (हॉकी), मलव श्राफ (सेलिंग), आदिल सुमारिवाला (एथलेटिक्स), अश्विनी नचप्पा (एथलेटिक्स), सायना नेहवाल (बैडमिंटन), हकीमुद्दीन हबीबुल्लाह (तैराकी) और एम. सी. मैरीकॉम (मुक्केबाजी) ने पहल की है।
ओएआई के अन्य प्रमुख सदस्यों में एथेंस ओलंपिक के रजत विजेता निशानेबाज और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, ओलंपिक स्वर्ण विजेता अभिनव बिंद्रा, दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त, गगन नारंग और विजेन्दर सिंह तथा कई अन्य दिग्गज शामिल हैं।
ओएआई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिवा केशवन ने ओएआई को लांच करते हुए कहा, “भारतीय ओलंपियनों की प्रतिनिधि संस्था के रूप में एथलीट का कल्याण हमारे लिये सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। हम चाहते हैं कि उनका पूरा ध्यान रखा जाए और यही कारण है कि हम एक साथ खड़े हुए हैं। हम उम्र, धर्म, आर्थिक,राजनीतिक और सामाजिक दायरे से उठकर खेल भावना को बढ़ावा देना चाहते हैं। ओएआई का उद्देश्य भारतीय युवाओं में ओलंपिक आदशरें को बढ़ावा देना है। हम भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) और अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघों के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं।”
केशवन ने कहा, “हमारा उद्देश्य सभी खेल संघों के साथ मिलकर काम करते हुए पूर्व और मौजूदा ओलंपिक खिलाड़ियों की भलाई को देखना है। हम चाहते हैं कि इनको पूरी तरह सामाजिक सुरक्षा मिले, उनके पास रोजगार रहे, शिक्षा के विकल्प मौजूद रहें, स्वास्थ्य बीमा और पेंशन रहे, युवा प्रतिभाओं को तराशने का मेंटर कार्यक्रम रहे।”
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री और ओलंपिक रजत पदक विजेता राज्यवर्धन राठौड़ ने इस एसोसिएशन की वेबसाइट लांच करने के बाद कहा, “यह पहल बधाई की पात्र है। मुझे लगता है कि इससे खिलाड़ियों का भला होगा और यह मंच ओलंपिक खिलाड़ियों के लिए काफी कारगर साबित होगा।”
ओएआई की कुछ परियोजनाएं आईओसी और वल्र्ड ओलंपियनों के साथ चलेंगी जबकि कुछ साई और खेल मंत्रालय के साथ तालमेल से होंगी। सभी भारतीय ओलंपियन ओएआई के पंजीकृत सदस्य होंगे जिन्हें इस संगठन की परियोजनाओं से लाभ मिलेगा। इस अवसर पर आईओसी की सदस्य और एथलेटिक्स कमीशन की चेयरपर्सन क्लॉडिया बोकेल और आईओसी एथलीट आयोग के सदस्य पैट्रिक सिंगलटन भी मौजूद थे। साई के महानिदेशक इंजेटी श्रीनिवास, खेल सचिव राजीव यादव और रियो ओलंपिक में भाग लेने जा रहे भारतीय एथलीटों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
dharmpath.com dharmpath