रियो डी जेनेरियो, 1 अगस्त (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाख ने कहा है कि अंतिम समय पर पैदा हुईं कुछ समस्याओं के बावजूद रियो डी जेनेरियो महान ग्रीष्कालीन ओलम्पिक खेलों का आयोजन करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, बाख ने रविवार को कहा कि आईओसी के कार्यकारी बोर्ड की बैठक में खेलों के आयोजन की स्थिति की समीक्षा की गई। यह बैठक चार घंटे चली।
रियो डी जेनेरियो में बने ओलम्पिक पार्क के मीडिया सेंटर में पहली बार पहुंचे बाख ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हमें ऐसी उम्मीद है कि खेलों का आयोजन हमेशा की तरह काफी शानदार होगा। ब्राजील के लोगों ने बताया है कि यहां के लोग चुनौतियों से निपटने में सक्षम हैं।”
विश्व भर से एकत्रित हुए पत्रकारों से मुखातिब हुए बाख ने कहा, “हम इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि ब्राजील की शैली में हमें शानदार ओलम्पिक खेल देखने को मिलेंगे।”
उन्होंने कहा, “ब्राजील की शैली में ओलम्पिक खेल जुनून और आंनद से भरे होंगे।”
बाख ने कहा कि कई टीमों से ओलम्पिक खेल गांव में पानी, बिजली को लेकर आ रही शिकायतों के बाद उन्होंने यहां पहुंच कर सबसे पहले खेल गांव का दौरा किया।
बाख ने कहा, “मैं जब यहां आया तो मैंने सबसे पहले खिलाड़ियों और प्रतिनिधिमंडल के मुखिया से बात की। मैंने पाया की उन सभी का ओलम्पिक खेल गांव को लेकर रुख सकारात्मक है। उन्होंने (आयोजक) माना की एक दिन पहले यहां जल रिसाव की समस्या थी, लेकिन वह अब खत्म हो गई है। आम धारणा यह है कि खेल गांव खूबसूरत और शानदार है। यहां वो हर चीज है जिसकी जरूरत है।”
आईओसी अध्यक्ष ने कहा, “इस समय हम हर दिन चार परीक्षण कर रहे हैं ताकि हम विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के पानी के मापदंडों पर खरा उतर सकें।”
आईओसी के कार्यकारी बोर्ड ने बैठक में कई विषयों पर चर्चा की जिसमें रूस के खिलाड़ियों की चिंताएं भी शामिल थीं।
बाख ने कहा, “बैठक का कार्यक्रम दो दिन का था, लेकिन यह आधे दिन में ही समाप्त हो गई इससे पता चल सकता है कि यह कितनी प्रभावी थी। बैठक का मुख्य मुद्दा रियो खेलों की प्रस्तुति का था। हमें आयोजन समिति से रपोर्ट मिली है और सभी सदस्यों ने सवाल भी पूछे हैं।”
dharmpath.com dharmpath