ओलम्पिक खेलों के लिए सुरक्षित होगा रियो : मिशेल तेमेर

रियो डी जनेरियो, 9 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजील के कार्यवाहक राष्ट्रपति मिशेल तेमेर ने अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि वे अगले माह आयोजित होने वाले ओलम्पिक खेलों के दौरान यहां सुरक्षित रहेंगे।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, शुक्रवार को जारी एक संक्षिप्त वीडियो संदेश में तेमेर ने यहां जीका वायरस और अपराधों के बढ़ते खतरे से संबंधित सभी रिपोर्टों को खारिज किया।

तेमेर ने कहा, “मैं लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं और यह कहना चाहता हूं कि संघ सरकार, राज्य और नगरपालिका सरकारों ने हमारे देश और रियो डी जनेरियो में आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई बैठकें की हैं।”

उन्होंने कहा कि इसमें चिंता की बात नहीं है और किसी भी बीमारी के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है, फिर चाहे वो जीका वायरस हो या कोई और बीमारी।

इस सप्ताह की शुरुआत में रियो के मेयर एडुआडरे पेस ने राज्य सरकार द्वारा सुरक्षा संचालन के कार्य को ‘भयानक’ करार दिया था।

पिछले माह एक पैरालम्पिक खेलों के आस्ट्रेलियाई एथलीट को बंदूक की नोक पर लूट लिया गया था और टेलीविजन में काम करने वाले जर्मनी के दो कर्मचारियों की गाड़ी को रोककर चोरों ने उनके उपकरण चुरा लिए थे।

ब्राजील अगले महीने की पांच तारीख से शुरू हो रहे ओलम्पिक खेलों के लिए 88,000 सुरक्षा बलों को तैनात करेगा, जिसमें 47,000 पुलिसकर्मी और 41,000 जवान शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493