रियो शहर की सरकार के अधिकारियों ने कहा कि इस पहल पर सरकार ने 1.4 करोड़ डॉलर खर्च किए हैं। यह टिकट बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों, विकलांग लोगों के साथ काम करने वाले व्यस्कों और सोशल मीडिया पर ओलम्पिक खेलों का प्रचार करने वाले सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों को मुफ्त में उपलब्ध करवाए जाएंगे।
रियो डी जेनेरियो के मेयर के कार्यालय के सचिव प्रेडो पाउलो ने कहा, “हमारा लक्ष्य न केवल पैरालम्पिक से लोगों को जोड़ना है, बल्कि टिकटों की बिक्री में भी मदद देना है।”
पैरालम्पिक खेलों के लिए 25 लाख टिकटों में से अब तक केवल एक तिहाई टिकटों की ही बिक्री हो पाई है। इन खेलों का आयोजन सात से 18 सितम्बर तक होगा।
रियो डी जेनेरियो में पांच से 21 अगस्त तक होने वाले ओलम्पिक खेलों की 57 लाख टिकटों में से अब तक 35 लाख टिकटों की ही बिक्री हो पाई है।
रियो के सार्वजनिक कर्मियों के लिए पैरालम्पिक खेलों के 64,524 टिकट और ओलम्पिक खेलों के 4,000 टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे।
इन टिकटों के लिए कर्मचारियों को 13 जून तक अपनी फोटो और वीडियो भेजने होंगे, जो सोशल मीडिया पर खेलों के प्रचार के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
पैरालम्पिक खेल के 1,77,000 टिकट पब्लिक स्कूल के बच्चों को उपलब्ध कराए जाएंगे और इसके साथ ही उनके लिए ओलम्पिक खेलों के 19,000 टिकट भी उपलब्ध होंगे।
इन टिकटों को पब्लिक स्कूलों में पहली से नौंवी कक्षा तक के छात्रों को वितरित किया जाएगा, विशेषकर उन छात्रों को जो अपनी कक्षा में पहली छमाही में अच्छे अंकों से पास हुए हैं।
इसके साथ ही सरकार विकलांग लोगों के साथ काम करने वाले लोगों को पैरालम्पिक खेलों के 8,500 और ओलम्पिक खेलों के 500 टिकट उपलब्ध करा रही है।
dharmpath.com dharmpath