Tuesday , 7 May 2024

Home » खेल » ओलम्पिक में पदक जीतना सिंधू का लक्ष्य

ओलम्पिक में पदक जीतना सिंधू का लक्ष्य

मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधू अपने पहले ओलम्पिक को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि रियो ओलम्पिक में पदक जीतना विश्व चैम्पियनशिप में जीत से कहीं ज्यादा मायने रखता है।

सिंधू ने कहा, “यह विश्व चैम्पियनशिप से कहीं ज्यादा खास है। ओलम्पिक में हर किसी का लक्ष्य पदक जीतना होता है, जहां वातावरण और हालात काफी अलग होते हैं। मैं अपने पहले ओलम्पिक को लेकर काफी उत्साहित हूं।”

सिंधू ने कहा कि ओलम्पिक में बैडमिंटन के सात भारतीय खिलाड़ियों का खेलना गर्व की बात है।

उन्होंने कहा, “यह अच्छी बात है कि ओलम्पिक में सात खिलाड़ियों का चयन हुआ है। ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की महिला युगल जोड़ी दूसरी बार और मनु अट्टरी और बी.सुमिथ रेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी पहली बार ओलम्पिक में शामिल की गई है।”

उन्होंने कहा, “के. श्रीकांत का भी यह पहला ओलम्पिक है। वह भी काफी उत्साहित हैं। मैं उम्मीद करती हूं कि हम सब अच्छा खेलेंगे और अपना सर्वेश्रेष्ठ देंगे। हम काफी मेहनत कर रहे हैं। हमें थोड़ी मेहनत करने की और जरूरत है। हम कोर्ट के अंदर और बाहर दोनों जगह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सबसे मुख्य बात अपने आप को फिट और स्वस्थ रखना है।”

रियो की तैयारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत के लिए थॉमस और उबेर कप काफी महत्वपूर्ण हैं।

सिंधू ने कहा, “कुछ ही महीनों का समय बचा है। इससे पहले कुछ टूर्नामेंट होने बाकी हैं। हमें रियो के साथ-साथ उनकी भी तैयारी करनी है। भारतीय खिलाड़ियों के लिए अगला महत्वपूर्ण टूर्नामेंट थॉमस और उबरे कप फाइनल है।”

उन्होंने कहा, “हम इंडोनेशिया और आस्ट्रेलिया में खेलेंगे। उसके बाद हम एक महीने का अभ्यास करेंगे। हम रियो के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे।”

सिंधू ने अपनी साथी सायना नेहवाल की भी तारीफ की है।

उन्होंने कहा, “यह देश के लिए अच्छा है कि सायना अच्छा खेल रही हैं और कई सम्मान लेकर आ रही हैं। वह काफी कुछ हासिल कर रही हैं और काफी कुछ हासिल कर चुकी हैं।”

उन्होंने कहा, “उनको (सायना) देखकर मुझे लगता है कि मुझे अपने आपको साबित करने के लिए और बेहतर खेलना चाहिए, और मेहनत करनी चाहिए। वह प्ररेणास्रोत हैं। उनके पास काफी अनुभव है। उनका यह तीसरा ओलम्पिक है।”

ओलम्पिक में पदक जीतना सिंधू का लक्ष्य Reviewed by on . मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधू अपने पहले ओलम्पिक को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि रियो ओलम्पिक में पद मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधू अपने पहले ओलम्पिक को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि रियो ओलम्पिक में पद Rating:
scroll to top