ओला, उत्तर प्रदेश ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए

नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। निजी परिवहन मोबाइल एप ओला ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए है। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौजूद थे। कंपनी ने यह जानकारी बुधवार को एक बयान जारी कर दी।

समझौते के तहत ओला राज्य सरकार के सहयोग से अगले पांच साल में 50,000 लोगों को उद्यमिता अवसर उपलब्ध कराएगी। ओला आगामी महीनों में राज्य में ओला ऑटो, ओला शेयर एवं ओला शटल उपलब्ध कराने के लिए भी राज्य सरकार के साथ काम करेगी।

इस अवसर पर अखिलेश ने कहा, “प्रौद्योगिकी एवं कौशल प्रशिक्षण दो मुख्य क्षेत्र हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के लिए हम इन क्षेत्रों पर ध्यान केन्द्रित करना चाहते हैं। हमें खुशी है कि ओला उत्तर प्रदेश के साथ जुड़कर राज्य के 50,000 से ज्यादा युवाओं को कौशल विकास के अवसर प्रदान करेगी।”

ओला के मुख्य संचालन अधिकारी प्रणय जिवराजका ने बताया, “हम उत्तर प्रदेश को लेकर बेहद उत्साहित हैं और परिवहन के अत्याधुनिक विकल्पों जैसे ओला ऑटो, ओला शेयर और ओला शटल के माध्यम से राज्य की मौजूदा परिवहन प्रणाली में सुधार लाने हेतु तत्पर हैं।”

बयान के मुताबिक, ओला राज्य के नौ मुख्य शहरों -लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, इलाहाबाद, सहारनपुर, वाराणसी और मथुरा- में अपनी सेवा दे रही है। अभी राज्य में ओला प्लेटफॉर्म पर 2,100 से ज्यादा वाहन पंजीकृत हैं और अगले पांच साल में इनकी संख्या 20,000 तक पहुंचने की उम्मीद है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493