काठमांडू, 18 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली की छह दिवसीय भारत यात्रा शुक्रवार से शुरू हो रही है। यात्रा के दौरान दोनों देश आर्थिक, सांस्कृतिक और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए कम से कम चार सहमति-पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर की तैयारी कर रहे हैं।
काठमांडू, 18 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली की छह दिवसीय भारत यात्रा शुक्रवार से शुरू हो रही है। यात्रा के दौरान दोनों देश आर्थिक, सांस्कृतिक और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए कम से कम चार सहमति-पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर की तैयारी कर रहे हैं।
भारत पहले ही नेपाल को एक अरब डॉलर का कर्ज देने का वादा कर चुका है। इसके अलावा भूकंप के बाद नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए भी भारत ने एक अरब डॉलर देने का वचन दिया है। दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि ओली के इस दौरे में इन दोनों सहमति-पत्रों पर हस्ताक्षर होने हैं।
नेपाल को भारत से यह सहायता और कर्ज किस-किस मद में और किन-किन परियोजनाओं के लिए दी जाए, इसे कोली की यात्रा के दौरान अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 अगस्त में नेपाल की यात्रा के दौरान बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी नेपाल की विभिन्न परियोजनाओं के लिए एक अरब डॉलर कर्ज देने की घोषणा की थी।
भूकंप से हिले नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए भारत की सहायता से विभिन्न परियोजनाएं शुरू करने पर विचार किया गया है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पिछले साल जून में नेपाल के पुनर्निर्माण पर आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में नेपाल को भारत से एक अरब डॉलर कर्ज और सहायता देने की घोषणा की थी।
इन दो सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर होने के अलावा भारतीय संगीत नाटक अकादमी और नेपाल संगीत तथा नाट्य प्रज्ञा प्रतिष्ठान के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आदान-प्रदान के लिए एक एमओयू पर हस्ताक्षर होना है।
ऑल इंडिया रेडियो और रेडियो नेपाल के बीच भी एक एमओयू पर हस्ताक्षर होना है जिसके तहत दोनों परस्पर सहयोग और अपने विभिन्न कार्यक्रमों का आदान-प्रदान करेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि दोनों देशों की मंत्रिपरिषद पहले ही इन सहमति पत्रों की मंजूरी दे चुकी है।
ओली की यात्रा के दौरान भारत से नेपाल को 80 मेगावाट बिजली आपूर्ति करने की भी घोषणा होने वाली है। यह बिजली हाल में बने मुजफ्फरपुर-धालकेबर 400 केवी की संचरण लाइन के जरिये दी जाएगी।
इनके अलावा दोनों देश अन्य संभावित समझौतों के बारे में विचार कर रहे हैं जिन पर ओली की इस यात्रा के दौरान हस्ताक्षर किए जा सकते हैं।
इनमें एक एमओयू नेपाल का सार्क सैटेलाइट से पंजीयन करने से जुड़ा है। काठमांडू में संपन्न दक्षिण एशिया क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपग्रह का प्रस्ताव रखा था।
संचार और मौसम की जानकारी देने वाले इस उपग्रह का प्रस्ताव भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान परिषद (इसरो) ने दिया है। इसके समर्थन में बांग्लादेश और श्रीलंका भी हैं। नेपाल ने इसमें शामिल होने के लिए अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है।
काठमांडू के त्रिभुवन विश्वविद्यालय और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के बीच विभिन्न गतिविधियों और कर्मियों के आदान-प्रदान के लिए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर होना है।
अधिकारियों के अनुसार, इनके अलावा दोनों देश पहले हुए समझौतों को लागू करने पर जोर देंगे। आर्थिक और तकनीकी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर भी जोर होगा।
19 से 24 फरवरी तक होने वाली यात्रा के दौरान ओली के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा नेपाल के उप प्रधानमंत्री और विदेश मामलों के मंत्री कमल थापा, वित्त मंत्री बिष्णु प्रसाद पौडेल और गृह मंत्री शक्ति बहादुर बसनेत भी होंगे।
dharmpath.com dharmpath