ओसीआई कार्ड से सुधरेंगे मॉरीशस व भारत के रिश्ते : योगी

लखनऊ, 3 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय मूल के मॉरीशस वासियों को ओसीआई कार्ड की व्यवस्था से दोनों देशों के रिश्तों में और अधिक प्रगाढ़ता आएगी। इसके साथ ही, भारतीय मूल के मॉरीशस वासियों को भारत आगमन सहित अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मॉरीशस यात्रा से दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई मिली है। प्रधानमंत्री द्वारा की गई अभूतपूर्व पहल से मॉरीशस विकास के नए आयाम हासिल करेगा।

मुख्यमंत्री गुरुवार को मॉरीशस के पोर्ट लुइस में भारतीय उच्चायुक्त के तत्वावधान में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जनवरी 2017 में 14वें प्रवासी भारतीय दिवस के अवसर पर भारत सरकार द्वारा मॉरीशस में भारतीय मूल के नागरिकों के लिए विशेष ओसीआई कार्ड की घोषणा की गई थी। भारतीय मूल के मॉरीशस निवासी इस कार्ड को प्राप्त करने के लिए पीढ़ियों की बाध्यता के बिना आवेदन कर सकते हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कई अप्रवासी भारतीय नागरिकों को ओसीआई कार्ड का वितरण भी किया।

योगी ने ओसीआई कार्ड से मिलने वाली सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कार्ड को धारण करने वाले भारतीय मूल के मॉरीशस वासियों को आजीवन वीजा की अनुमति स्वत: प्राप्त हो जाएगी। ये लोग भारत में बिना पुलिस सत्यापन के आजीवन ठहर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में इनके लिए वर्क परमिट प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं होगी। इन्हें भारत के बैंकों में खाता खोलने, व्यावसायिक एवं आवासीय संपत्ति खरीदने के साथ-साथ भारतीय शिक्षण संस्थाओं में शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा मिल सकेगी। इस प्रकार मतदान को छोड़कर ऐसे कार्ड धारकों को भारत में सभी सुविधाएं प्राप्त होंगी।

उन्होंने मॉरीशस में रह रहे लगभग 10,500 अप्रवासी भारतीयों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस व्यवस्था से मॉरीशस में रहने वाले भारतीय अप्रवासियों का अपने पूर्वजों की भूमि को बिना किसी हिचक करीब से देखने एवं समझने का मौका मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पर्यटन विभाग की ‘डिस्कवर योर रूट्स’ योजना की चर्चा करते हुए कहा कि इसके तहत भारतीय मूल के किसी व्यक्ति द्वारा पर्यटन विभाग से संपर्क कर अपने पूर्वजों के गांव के संबंध में पता लगाने का अनुरोध किया जा सकता है। पर्यटन विभाग द्वारा संबंधित जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से वांछित विवरण एकत्रित कर जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भगवान राम एवं भगवान कृष्ण की जन्मस्थली होने के साथ ही, तमाम विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थलों, धरोहरों एवं प्राकृतिक संपदाओं से संपन्न विविधतापूर्ण राज्य है। इसलिए इस प्रदेश में सभी प्रकार के पर्यटकों के लिए भरपूर संभावनाएं मौजूद हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493