कंदील बलूच को पैतृक गांव में दफनाया गया

इस्लामाबाद, 18 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तानी मॉडल और अभिनेत्री कंदील बलूच को मुल्तान के पास उनके पैतृक गांव में एक कब्रगाह में दफनाया दिया गया है। दो दिन पहले उनके भाई ने ‘पारिवारिक सम्मान’ के नाम पर उनकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी।

समाचार पत्र ‘डॉन’ की वेबसाइट के अनुसार रविवार को डेरा गाजी खान जिले के गांव शाह सद्दारदीन में कंदील की नमाज-ए-जनाजा पढ़ी गई।

इसी बीच, मुल्तान के एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने हत्या का जुर्म कबूल चुके कंदील के भाई को तीन दिनों की पुलिस हिरासत में रखने का फैसला सुनाया।

कंदील का शव उनके गांव ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

दफनाए जाने से पहले कंदील की महिला रिश्तेदारों ने स्थानीय परंपरा के अनुसार उनके हाथ और पैर में मेहंदी लगाई। कंदील की मां लगातार उनके हाथ को चूम रही थी। इस मौके पर कंदील की दो शादीशुदा बहनें और भाई भी मौजूद थे।

कंदील के पिता मोहम्मद अजीम ने मीडिया से कहा कि वह वसीम के खिलाफ मुकदमा चलाएंगे।

‘डॉन’ ऑनलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, अजीम ने कहा, “वह मेरी बेटी नहीं, बेटा थी। उसने हम सब का बोझ उठाया हुआ था, मेरे उस बेटे का भी जिसने उसकी हत्या कर दी।”

अजीम ने कहा कि उनके बेटे कंदील की उपलब्धियों से नाखुश थे।

गांव के निवासियों ने कंदील की हत्या को ‘एक क्रूर कृत्य’ बताते हुए घटना की निंदा की।

एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया था कि कंदील के भाई ने ‘इज्जत’ के नाम पर बहन की हत्या किए जाने की बात स्वीकार कर ली है।

अधिकारी ने बताया कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है।

मुल्तान में कंदील के घर के साथ वाले घर में रहने वाली एक महिला ने मीडिया को बताया कि कंदील ने वसीम के लिए उनकी बेटी का हाथ मांगा था।

उसने कहा, “यह अविश्वसनीय है कि उसके उसी भाई ने उसकी हत्या कर दी, जिसकी शादी कराने का वह प्रयास कर रही थी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493