कंप्यूटर बाबा ने नदी न्यास के अध्यक्ष का पदभार संभाला

भोपाल, 4 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के दौरान चर्चा में रहे नामदेव दास त्यागी उर्फ कंप्यूटर बाबा ने मंगलवार को मंत्रालय पहुंचकर नर्मदा, क्षिप्रा एवं मन्दाकिनी नदी न्यास के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह, जनसम्पर्क मंत्री पी़ सी़ शर्मा, संतगण और अन्य जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।

मंत्री शर्मा ने बताया, “यह न्यास नर्मदा, मन्दाकिनी एवं क्षिप्रा नदियों के हित संरक्षण के लिए कार्य करेगा। यह न्यास जनमानस की अध्यात्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय आकांक्षाओं के अनुरूप काम करेगा। न्यास नदियों के पारिस्थितिक तंत्र को सुरक्षित एवं संरक्षित करेगा। जनमानस को नदियों के हित में कार्य आरंभ करने के लिए प्रेरित करेगा।”

आधिकारिक बयान के अनुसार, इस न्यास में 16 नामांकित सदस्य हैं। इनमें नर्मदाघाटी विकास प्राधिकरण, जल संसाधन, संस्कृति, पर्यटन, आवास एवं पर्यावरण, वन और खनिज विभागों के मंत्री तथा नर्मदाघाटी विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य सचिव सदस्य मनोनीत किए गए हैं।

बयान के अनुसार, अध्यात्म विभाग के अपर मुख्य सचिव न्यास के सदस्य सचिव हैं। न्यास में नदियों से संबद्घ जिलों से दो विधायक और चार अन्य अशासकीय सदस्य राज्य शासन द्वारा नामांकित किए जाएंगे।

ज्ञात हो कि कंप्यूटर बाबा ने लोकसभा चुनाव के दौरान दिग्विजय सिंह की विजय के लिए हठ योग किया था और उसके बाद साधु-संतों के साथ रोडशो किया था। इस पर चुनाव आयोग ने नोटिस दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493