कई बार स्थगित हुई राज्यसभा की कार्यवाही (लीड-2)

नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने राज्यसभा में सोमवार को नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्रित्व काल में गुजरात राज्य पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (जीएसपीसी) में हुए कथित कुप्रबंधन का मुद्दा उठाया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे अगस्ता वेस्टलैंड घूसकांड से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया। तीखी नोक-झोंक के बीच सदन की कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी।

तृणमूल सासंद सुखेंदू शेखर रॉय ने पूछा कि अगस्ता वेस्टलैंड घूसकांड में कौन लाभार्थी है? प्रश्नकाल को बार-बार बाधित करने के लिए रॉय को दिन भर के लिए सदन से बाहर कर दिया गया।

इस बीच सरकार ने कहा कि अगस्ता वेस्टलैंड के मसले पर बुधवार को चर्चा होगी।

सदन की कार्यवाही बार-बार स्थगित होने के बीच सभापति एम. हामिद अंसारी ने नियम लागू करते हुए तृणमूल सांसद रॉय को दिन भर के लिए सदन से बाहर कर कर दिया।

इस आदेश के विरोध में तृणमूल के सभी सदस्य सदन से बाहर चले गए।

सदन में तृणमूल के नेता डेरेक ओ’ ब्रायन ने आईएएनएस से कहा कि पार्टी के सभी सदस्य सोमवार को दिन भर सदन से बाहर रहेंगे।

कांग्रेस सदस्यों ने राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही जीएसपीसी में कथित कुप्रबंधन का मामला उठाया। कांग्रेस के सदस्य नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की ताजा रिपोर्ट में उजागर की गई जीएसपीसी की कृष्णा-गोदावरी घाटी गैस परियोजना में अनियमितताओं पर चर्चा की मांग कर रहे थे।

उप सभापति पी.जे. कुरियन ने कहा कि इस मामले में कांग्रेस का नोटिस सभापति एम. हामिद अंसारी के पास विचाराधीन है।

इसी बीच, तृणमूल कांग्रेस के सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय ने अगस्ता वेस्टलैंड का मामला उठाया और सवाल किया कि आखिर रिश्वतखोर कौन है?

रॉय ने सदन में मौजूद रक्षामंत्री मनोहर पíरकर से इस मुद्दे पर बोलने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा, “अगस्ता वेस्टलैंड सौदे में रिश्वत किसने ली, इस मुद्दे पर रक्षामंत्री को बयान देना चाहिए।”

उधर, कांग्रेस के सदस्य आसन के करीब एकत्रित हो गए और जीएसपीसी पर चर्चा कराने की मांग करने लगे।

इस पर संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि इस मामले पर (जीएसपीसी) ऊपरी सदन में चर्चा नहीं कराई जा सकती, क्योंकि यह एक राज्य का मुद्दा है।

नकवी ने कहा, “यह अगस्ता वेस्टलैंड से ध्यान हटाने और ऐसे गैर मुद्दों पर हंगामा करने की एक चाल है।”

उप सभापति कुरियन ने पीठ के करीब एकत्रित कांग्रेस सदस्यों को बताया कि उनका नोटिस सभापति के पास विचाराधीन है, इसलिए वे अपनी-अपनी सीटों पर लौट जाएं।

पहले सदन की कार्यवाही सुबह 11.30 बजे तक स्थगित की गई। जब सदन की कार्यवाही 11.30 बजे फिर शुरू हुई तो वही दृश्य था।

संसदीय कार्य मंत्री नकवी ने कहा कि अगस्ता वेस्टलैंड मुद्दे पर चर्चा बुधवार को होगी। उन्होंने कांग्रेस के सदस्यों से कहा कि वे चर्चा के लिए अपने आपको तैयार कर लें।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस को चर्चा के लिए पहले से तैयारी करनी चाहिए, क्योंकि ध्यान भटकाने की चाल काम नहीं करेगी।”

कांग्रेस के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण की मांग करते हुए नारेबाजी जारी रखी। कांगेस के सदस्य ‘प्रधानमंत्री जवाब दो’ के नारे लगा रहे थे। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक आधा घंटे के लिए स्थगित कर दी गई।

जब प्रश्नकाल के लिए राज्यसभा की कार्यवाही पुन: शुरू हुई तो भी विरोध जारी था। इसलिए कुछ मिनट के भीतर ही सदन की कार्यवाही 12.32 बजे तक , फिर दो बजे तक और उसके बाद तीन बजे तक स्थगित कर दी गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493