नई दिल्ली-22 जून 2026 को देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिलेगा. उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि उत्तर और मध्य भारत में आंधी, बारिश और गर्मी का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय है. उत्तर और मध्य भारत में गर्मी और आंधी-तूफान का प्रभाव रहेगा. मॉनसून के आगे बढ़ने के साथ कई क्षेत्रों में बारिश बढ़ेगी, लेकिन कुछ हिस्सों में हीट वेव भी बनी रहेगी.
उत्तर भारत में 22 जून को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक बारिश संभावित है. IMD All India Weather Bulletin के अनुसार हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान (40-60 किमी/घंटा) की संभावना है. अधिकतम तापमान में 2°C की गिरावट संभावित है. राजस्थान में धूल भरी आंधी भी चल सकती है.
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से फिलहाल राहत मिलने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना नहीं है, जबकि बीच-बीच में हल्की बारिश, गरज-चमक और बादलों की आवाजाही से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा. मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 22 जून से 25 जून तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है. हालांकि इस दौरान तेज गर्मी की स्थिति बनने की संभावना कम है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 22 जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है. 23 जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है. 24 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है. 25 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और, न्यूनतम 26 डिग्री तापमान बने रहने की संभावना है.
dharmpath.com dharmpath