अस्ताना, 26 जुलाई (आईएएनएस)। कजाकिस्तान में हुए कप ऑफ द प्रेसिडेंट ऑफ रिपब्लिक ऑफ कजाकिस्तान के पांचवें संस्करण में भारतीय महिला पहलवानों की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया।
रविवार को संपन्न हुए टूर्नामेंट में आठ सदस्यीय भारतीय टीम ने दुनिया के शीर्ष पहलवानों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और 10,000 डॉलर की इनामी राशि जीतने में सफल रहीं।
मेजबान कजाकिस्तान शीर्ष पर रहा, जबकि मंगोलिया ने तीसरा स्थान हासिल किया।
भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता विग्नेश (48 किलोग्राम), राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता ललिता शहरावत (55 किलोग्राम) और अनीता (63 किलोग्राम) ने अपने सारे मुकाबले जीते, जबकि राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता रहीं साक्षी मलिक (58 किलोग्राम) ने सिर्फ एक मुकाबला गंवाया।
निर्मला देवी (53 किलोग्राम), सरिता (60 किलोग्राम), नवजोत कौर (69 किलोग्राम) और निक्की (75 किलोग्राम) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने कहा, “मुझे हमारी टीम पर गर्व है और उनके प्रदर्शन के लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। हमारी खिलाड़ियों ने जिस तरह कठिन मेहनत की है और अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है, उसी के कारण वे दूसरा स्थान हासिल कर सकीं।”
उन्होंने कहा, “विश्व चैम्पियनशिप के लिए हमारे पास अभी भी महीने भर से अधिक समय है और मुझे पूरा विश्वास है कि कजाकिस्तान दौरा हमारी महिला पहलवानों को अपने प्रदर्शन में सुधार में मदद करेगी।”
विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप का आयोजन सात से 12 सितंबर के बीच लास वेगास में होना है। रियो ओलम्पिक-2016 में प्रवेश करने के लिए यह विश्व चैम्पियनशिप पहला क्वालीफाइंग टूर्नामेंट होगा।
dharmpath.com dharmpath