हैंबर्ग, 26 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त स्पेन के टेनिस स्टार राफेल नडाल ने रविवार को कहा कि वह बेहतर महसूस कर रहे हैं और उन्हें यह स्वीकार करना होगा कि वह पिछले छह महीनों में पिछले 11 वर्षो की अपेक्षा अधिक मैच हार चुके हैं।
समाचार एजेंसी एफे ने नडाल के हवाले से कहा, “मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं और मुझे कहीं कोई समस्या नहीं है। मैं इस हफ्ते होने वाली स्पर्धा पर पूरा ध्यान दे रहा हूं।”
नडाल ने कहा, “गर्मियों में होने वाले टूर्नामेंट सहज होने और आने वाले कठिनतम सत्र की तैयारियों के लिए होते हैं। लेकिन निश्चित तौर पर अभी परिस्थितियां बिल्कुल भिन्न हैं।”
उन्होंने कहा, “मुझे स्वीकार करना होगा कि परिस्थिति पूरी तरह नई है, जिसका मुझे ऊंचे मनोबल के साथ सामना करना होगा और लगातार कठिन मेहनत करनी होगी।”
नडाल ने यह भी स्वीकार किया कि विंबलडन में जर्मनी के डस्टिन ब्राउन के हाथों मिली हार काफी कठिन थी, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि जीवन यूं ही चलता रहता है और खेल में जीत-हार तो लगी ही रहती है।
dharmpath.com dharmpath