कजाकिस्तान में विश्व कप की तैयारी करेंगी भारतीय महिला पहलवान

नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। विश्व चैम्पियनशिप की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय महिला पहलवान अस्ताना में 23 से 26 जुलाई के बीच होने वाले ‘कप ऑफ द प्रेसिडेंट ऑफ द रिपब्लिक ऑफ कजाकिस्तान’ के पांचवें संस्करण में हिस्सा लेने जाएंगी।

यह टूर्नामेंट भारतीय पहलवानों के लिए विश्व चैम्पियनशिप से पहले यह अभ्यास का अच्छा मौका होगा। विश्व चैम्पियनशिप का आयोजन इसी वर्ष लास वेगास में सात से 12 सितंबर के बीच होना है।

भारतीय कुश्ती महासंघ ने लखनऊ में भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित ट्रायल के आधार पर टीम का चयन किया है। कजाकिस्तान जाने वाली महिला पहलवानों में प्रमुख नाम विनेश, ललिता सेहरावत और साक्षी मलिक का है।

विनेश ने 2014 में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीता था जबकि इसी आयोजन में ललिता ने 55 किलोग्राम वर्ग में रजत जीता था। साक्षी ने 2011 राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में 58 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीता था।

कजाकिस्तान की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में 20 देशों के पहलवान हिस्सा लेंगे, जिनमें भारत, रूस, जापान, कोरिया, अमेरिका, मंगोलिया, अजरबेजान, बेलारूस, किर्गिस्तान, उजबेकिस्तान, तुर्की, ब्राजील, चीन, ग्रीस, जॉर्जिया, इटली, स्वीडन, कनाडा और मालदीव शामिल हैं।

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “भारतीय पहलवानों को विश्व चैम्पियनशिप से पहले यह टूर्नामेंट जरूरी अभ्यास का अवसर देगा। हमारे पहलवान राष्ट्रीय शिविर में पिछले वर्ष नवंबर से ही कठिन अभ्यास में जुटी हुई हैं और अब दुनिया के शीर्ष पहलवानों से मुकाबले का समय आ गया है।”

भारतीय दल मंगलवार को कजाकिस्तान के लिए रवाना होगी।

भारतीय टीम :

विनेश (48 किलोग्राम), निर्मला देवी (53 किलोग्राम), ललिता (55 किलोग्राम), सरिता (60 किलोग्राम), अनीता (60 किलोग्राम), नवजोत कौर (69 किलोग्राम), निकी (75 किलोग्राम)।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493