कठिन विकेट पर पुजारा की सहजता को श्रीधर ने सराहा

कोलकाता, 17 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच आर. श्रीधर ने श्रीलंका के खिलाफ जारी पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को चेतेश्वर पुजारा की ओर से खेली गई 47 रनों की नाबाद पारी की प्रशंसा की।

कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में जारी मैच में पुजारा ने 102 गेदों का सामना करते हुए 47 रन बनाए।

श्रीधर ने संवाददाताओं से कहा, “पुजारा जब बल्लेबाजी के लिए जाते हैं, तो वह हर परिस्थिति में अपनी लय तलाश लेते हैं। उनकी खेल योजना बेहद सरल है। वह शरीर के जितने पास से हो सकता है खेलते हैं और सीधा खेलते हैं। उनकी इस पारी की सबसे अच्छी बात यह रही कि उन्होंने जो रन बनाए वह मिड-ऑफ में बनाए और अधिकतर शॉट विकेट के पास से लगाए। यह शायद मेरे द्वारा देखी गई 47 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी है।”

ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच पर पहली बार इतनी घास देखी गई। ऐसे में जहां भारतीय टीम के अन्य बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक पाए, वहीं पुजारा नाबाद रहे हैं।

सौराष्ट्र के बल्लेबाज पुजारा ने राजकोट में झारखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में दोहरी शतकीय पारी खेली। उन्होंने पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन 47 रनों की पारी में ऑफ-साइट पर नौ चौके लगाए।

दूसरे दिन भारतीय टीम ने अजिंक्य रहाणे और रविचंद्रन अश्विन के रूप में अपने दो विकेट गंवाए। दोनों खिलाड़ी खराब शॉट खेलकर जल्दी आउट होने पर निराश थे।

श्रीलंका के मुख्य कोच निक पोथास ने नॉटिंघमशायर के लिए काउंटी खेल चुके पुजारा के अनुभव की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि भले ही इस क्लब के लिए उन्होंने अधिक रन नहीं बनाए हैं, लेकिन इस अनुभव के कारण उन्हें ईडन गार्डन्स में इंग्लैंड के पिचों जैसी परिस्थिति में खेलने के लिए मदद मिल रही है।

पोथास ने कहा, “पुजारा विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं। उनकी पारी दर्शाती है कि उन्हें काउंटी क्रिकेट खेलने से कितना फायदा हुआ है। इस प्रकार की विकेट आपको इंग्लैंड में अप्रैल और मई में होती है और वह इस परिस्थिति में अच्छा खेल रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493