कोच्चि, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल पुलिस ने शनिवार को कहा कि उसने कठुआ में दुष्कर्म करने के बाद मार डाली गई आठ साल की बच्ची के खिलाफ सोशल मीडिया पर घृणास्पद पोस्ट करने के लिए एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पनंगद पुलिस थाने के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि कोटक महिंद्रा बैंक के पूर्व कर्मचारी विष्णु नंदकुमार को टिप्पणी पोस्ट करने के लिए बुधवार को बर्खास्त कर दिया गया था।
मलयालम में लिखे पोस्ट में नंदकुमार ने पीड़ित बच्ची की हत्या को न्यायसंगत ठहराया था। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा था कि अच्छा हुआ कि उसे मार दिया गया, वरना बड़ी होकर भविष्य में वह या तो मानव बम बनती या फिर आतंकी।
इस पोस्ट के लिए नंदकुमार के खिलाफ बहुत से लोगों ने बैंक को लिखा। इसके बाद शुक्रवार को बैंक ने कहा कि खराब प्रदर्शन के कारण उनकी सेवाएं बुधवार से बर्खास्त कर दी गई हैं। साथ ही बैंक ने अपने पूर्व कर्मचारी की सोशल मीडिया पोस्ट की निंदा भी की।
नाम न छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने कहा, “उसके खिलाफ गैर जमानती अपराध के तहत आरोप लगे हैं, और उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच शुरू हो गई है और उसके बाद उचित कदम उठाया जाएगा।”
बकरवाल समुदाय से ताल्लुक रखने वाली नाबालिग बच्ची का 10 जनवरी को अपहण हुआ था। जिसे जम्मू एवं कश्मीर के कठुआ जिले के रसाना गांव के एक मंदिर में रखा गया था।
dharmpath.com dharmpath