कठुआ मामला : पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की बार एसोसिएशन की मांग

जम्मू, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के कठुआ में आठ साल की एक बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या किए जाने के बाद जम्मू बार एसोसिएशन ने मृतका के परिजनों को मुआवजा देने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष बी.एस. सलाथिया ने यहां जारी एक बयान में कहा है कि ऐसा जघन्य अपराध करने वालों को कठोर सजा देने की मांग को लेकर शनिवार शाम मोमबत्ती जुलूस निकाला जाएगा।

इससे पहले, जम्मू बार एसोसिएशन और कठुआ बार एसोसिएशन के वकीलों ने पीड़िता के परिवार की तरफ से अदालत में पेश होने जा रही एक महिला वकील को रोकने का प्रयास किया था।

शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय ने एसोसिएशन को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि मृतका के परिजनों को न्याय जरूर मिले और उनके लिए कोई बाधा न हो।

न्यायालय ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया, जम्मू एवं कश्मीर बार काउंसिल, जम्मू बार एसोसिएशन और कठुआ जिला बार एसोसिएशन को समन जारी कर जबाव मांगा था कि वकीलों ने आरोप-पत्र दाखिल क्यों नहीं होने दिया।

जनवरी में, कठुआ जिले के रसाना के जंगलों में घोड़े चराने गई आठ वर्षीय एक बच्ची लापता हो गई थी।

जांच में सामने आया कि इस दौरान उसे एक मंदिर में बंदी बनाकर रखा गया था, जहां उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493