कड़ी सुरक्षा के बीच भारत पहुंचा छोटा राजन, सीबीआई हिरासत में

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। पिछले कई दशकों से देश से फरार अंडरवर्ल्ड डॉन राजेंद्र निखलजे उर्फ छोटा राजन को कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को इंडोनेशिया से भारत लाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि छोटा राजन (55) को विशेष विमान से इंडोनेशिया से भारत लाया गया। वह सुबह लगभग 5.30 बजे दिल्ली के पालम हवाईअड्डे उतरा, जहां से विशेष कमांडो और स्वाट दल की निगरानी में उसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) मुख्यालय ले जाया गया। इंडोनेशियाई पुलिस ने 26 अक्टूबर को छोटा राजन को गिरफ्तार किया था।

जिस विमान से राजन को भारत लाया गया। उसमें राजन के साथ सीबीआई अधिकारियों का एक दल और अन्य सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। इस विमान ने इंडोनेशिया के बाली से गुरुवार रात लगभग आठ बजे (स्थानीय समयानुसार) भारत के लिए उड़ान भरी।

राजन शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंच गया। सीबीआई मुख्यालय जाने वाले सभी रास्तों को दिल्ली पुलिस ने सील कर दिया।

सीबीआई मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीबीआई मुख्यालय की सुरक्षा में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान मुस्तैद हैं।

राजन पिछले लगभग दो दशकों से भारत से फरार है। आस्ट्रेलिया की संघीय पुलिस की खुफिया जानकारी के आधार पर इंडोनेशिया की पुलिस ने 26 अक्टूबर को राजन को बाली से गिरफ्तार किया।

सूत्रों का कहना है कि राजन को सीबीआई मुख्यालय में जेल में रखा गया है। उसे जल्द ही चिकित्सीय जांच के लिए भी ले जाया जाएगा।

सूत्रों का कहना है कि छोटा राजन को चिकित्सीय जांच के बाद जल्दी ही विशेष सीबीआई मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493