कैलगरी, 24 जून (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अजय जयराम, बी. साई प्रणीत और आनंद पवार ने 50,000 लाख डॉलर इनामी राशि वाले कनाडा ओपन ग्रांप्री. के पुरुष एकल वर्ग के अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
हालांकि राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक विजेता आर. एम. वी. गुरुसाईदत्त को पहले ही दौर में हार झेलनी पड़ी।
मार्किन मैकफेल सेंटर में हुए मैच में मंगलवार को गुरुसाईदत्त चीन के शी यूकी से 9-21, 14-21 से हार गए।
नौवें वरीय जयराम ने पुरुष एकल वर्ग के एक अन्य मुकाबले में चीनी ताइपे के शी क्यूई चुन को 21-10, 21-19 से हराया।
35 मिनट में मैच अपने नाम करते हुए जयराम ने टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया, जहां उनका मुकाबला चीन के हुआंग यूशियांग से होगा।
10वें वरीय साई प्रणीत ने स्कॉटलैंड के एलिस्टर कैसी को 27 मिनट में 21-11, 21-17 से मात दे दी। अब दूसरे दौर में उन्हें चेक गणराज्य के जैन फ्रोहलिक की चुनौती का सामना करना होगा।
भारत के ही एक अन्य खिलाड़ी 11वें वरीय पवार ने पहले दौर के मैच में अमेरिका के निकोलस वालर को 21-9, 21-10 से हराया। पवार को यह मैच जीतने में मात्र 23 मिनट लगे।
पवार अब दूसरे दौर में चीन को झू शियुआन से भिड़ेंगे।
dharmpath.com dharmpath