मुंबई, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत दौरे पर आए कनाडा के रक्षा मंत्री हरजीत सिंह सज्जन ने शनिवार को यहां पश्चिमी नौसेना कमान का दौरा किया।
उन्होंने पश्चिमी नौसेना कमान के कमांडर वाइस एडमिरल गिरीश लूथरा तथा अन्य से बातचीत की और उन्हें भारतीय नौसेना के स्वदेशी गाइडेड मिसाइल विध्वंसक आईएनएस कोच्चि दिखाया गया।
भारत द्वारा स्वदेशीकरण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सज्जन ने भारत तथा कनाडा के बीच सहयोग के क्षेत्रों, आगे सहयोग बढ़ाने की जरूरत, समुद्री व नौसेना संपर्क बढ़ाने तथा यहां अगले महीने हर मैजेस्टीज कनाडियन शिप विन्निपेग की यात्रा पर प्रकाश डाला।
दोनों देशों के बीच सैन्य संपर्क के वर्तमान स्तर को बरकरार रखने तथा मौजूदा क्षेत्रीय व वैश्विक सुक्षा माहौल के मद्देनजर सहयोग बढ़ाने की संभावना पर भी चर्चा हुई, जो दोनों देशों को सहयोग के मौके प्रदान करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कनाडा दौरे के दौरान अप्रैल 2015 को संयुक्त बयान को लेकर आगे की कार्यवाही के तहत सज्जन का भारत दौरा सामने आया है।
दोनों देश आतंकवाद से निपटने, शीत जलवायु युद्ध, शांति बरकरार रखने तथा नौसेना सहयोग के क्षेत्र में रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
मई महीने के मध्य में एचएमसीएस विन्निपेग के भारत आने की संभावना है, जिस दौरान भारतीय नौसेना के जहाजों के साथ सैन्य अभ्यास किया जाएगा।
सज्जन (46) का जन्म पंजाब के होशियारपुर जिले के बोम्बेली में हुआ था, जो अपने परिवार के साथ सन् 1976 में कनाडा चले गए थे। किसी दूसरे देश का रक्षामंत्री बनने वाले वह पहले सिख हैं।
dharmpath.com dharmpath