नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)।राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को यहां एक अदालत ने शुक्रवार को दो हफ्ते की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सूत्रों से यह जानकारी मिली है।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने महानगर दंडाधिकारी से कहा कि उसे अब कन्हैया कुमार को हिरासत में लेने की जरूरत नहीं है। इसके बाद अदालत ने छात्र नेता को दो हफ्ते की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने गुरुवार को कन्हैया कुमार को हिरासत में लेने की मांग की थी, ताकि दो अन्य आरोपी छात्रों उमर खालिद और अनिरबन भट्टाचार्य के साथ उसका आमना-सामना कराकर पूछताछ की जा सके।
यह कार्रवाई कहां हुई, इसकी जानकारी सुरक्षा कारणों से नहीं दी गई है।
खालिद और भट्टाचार्य पर भी राजद्रोह का आरोप लगाया गया है क्योंकि उन्होंने कथित रूप से भारत विरोधी नारे लगाए थे। उन्हें 27 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
जेएनयू के इन दोनों छात्रों ने इससे पहले वसंत कुंज पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद मंगलवार को विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था।
कन्हैया कुमार को 12 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। संसद हमले के दोषी अफजल गुरु पर विश्वविद्यालय परिसर में सभा का आयोजन किया गया था। उस कार्यक्रम में कथित रूप से भारत विरोधी नारे लगाए गए थे। इसके बाद कन्हैया को गिरफ्तार किया गया था।
dharmpath.com dharmpath